नर्मदापुरम ने आठ विकेट से ग्वालियर संभाग को हराया
ग्वालियर | एमपीसीए के अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट में ग्वालियर संभाग की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही। नर्मदापुरम संभाग के खिलाफ ग्वालियर को अपने पहले मुकाबले 8 विकेट से झेलनी पड़ी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्वालियर टीम 23.5 ओवर में महज 53 रन के मामूली स्कोर पर ढेर हो गई। ग्वालियर के लिए रोहिता सिंह ने 21 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों को खुलकर खेल नहीं सका। नर्मदापुरम संभाग की अंचला दुबे सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 14 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा नेहा चौहान ने और शिवानी संतोरे ने 2-2 विकेट बांटे। जबकि अनन्या दुबे, बानी मिश्रा, सरिता उइके को 1-1 विकेट से संतोष करना पड़ा। जवाब में नर्मदापुरम ने 14.1 ओवर में 2/54 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। टीम के लिए अनन्या दुबे ने 24* रन बनाए। ग्वालियर के लिए रितिका गर्ग व अनुष्का शर्मा ने 1-1 विकेट झटके। ग्वालियर अब शनिवार को अपने दूसरे मैच इंदौर का सामना करेगी। ग्वालियर को टूर्नामेंट में वापसी करने के लिए इस मैच को हर हाल में जीतना ही होगा।