ट्रक भगाने के चक्कर में बेरीकेड्स में मारी टक्कर
ग्वालियर| टोल टैक्स बचाने के लिए रविवार शाम को ट्रक ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 1087 के चालक ने मेहरा टोल प्लाजा से पहले जारगा गांव से जाने वाले कच्चे रास्ते से ट्रक ले जाने की कोशिश की। लेकिन आगे टोल प्लाजा पर कर्मचारी तैनात थे और बेरीकेड्स लगे हुए थे। ट्रक चालक ने स्पीड बढ़ा दी। भागने के चक्कर में बेरीकेड्स में टक्कर मार दी, इससे कर्मचारी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इसके बाद ट्रक आगे डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक चालक को कर्मचारियोें ने पकड़ लिया और पीटा। फिर थाने ले गए। यहां ट्रक मालिक आरएस धाकड़ पहले से मौजूद थे। यहां दोनों में समझौता हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि ट्रक चालक ने उन पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की।
मोबाइल छीनकर भागे: इंदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात को ड्यूटी से लाैट रहे सुनील पाल निवासी नाका चंद्रबदनी का मोबाइल बाइक पर सवार दो बदमाश छीनकर ले गए। घटना नौगजा रोड पर शनिवार रात करीब 10 बजे की है। सुनील रिलायंस स्टोर में काम करता है। उधर, पड़ाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत द्वारिकापुरी के रहने वाले विनय सिंह के घर से दो मोबाइल चोरी हो गए। उन्होंने रविवार दोपहर में एफआईआर दर्ज कराई।