एमएससी में 29 नंबर में होना था पास, 26 में कर दिया
ग्वालियर| पीजी कॉलेज गुना से केमिस्ट्री से एमएससी करने वाली छात्रा राजकुमारी रघुवंशी काे जेयू के कर्मचारियों ने पहले 26 नंबर देकर मेडिसनल केमिस्ट्री विषय में पास कर दिया। जबकि पास होने के लिए न्यूनतम 29 नंबर चाहिए। छात्रा ने वर्ष 2016 में एमएससी फाइनल कर लिया। नामांकन नंबर में गलती होने के कारण उसने मार्कशीट में संशोधन कराने के लिए जेयू में आवेदन किया तो एमएससी तीसरे सेमेस्टर में मेडिसनल केमिस्ट्री में उसे फेल कर दिया गया। इस बात लेकर छात्रा ने गुरुवार को कुलपति कार्यालय में हंगामा कर दिया। कुलपति ने छात्रा से कहा कि अब तो उत्तर पुस्तिका भी नष्ट हो चुकी हैं इसलिए विशेष परीक्षा कराई जाएगी। कुलपति के आश्वासन पर छात्रा शांत हुई।