आईटीएम को हराकर तानसेन अकादमी चैंपियन
कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेले गए फाइनल के दौरान तानसेन क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी आउट की अपील करते हुए । फोटो : भास्कर
एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की, मैन ऑफ द मैच अंशुल ने गेंद के साथ बल्ले से भी दिखाया कमाल
शिवांग कुमार ने खेली 55 रन की पारी, पवन धाकड़ ने 3 और अभय टिपनिस ने 2 विकेट लिए
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | ग्वालियर
तानसेन क्रिकेट अकादमी ने विजयी अभियान को जारी रखते हुए इंटर क्लब सीनियर आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। रविवार को कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मैन ऑफ द मैच अंशुल त्रिपाठी (62* रन व 4 विकेट) के आलराउंड प्रदर्शन की बदौलत तानसेन क्रिकेट अकादमी ने आईटीएम क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
एजी क्लब व ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में तानसेन क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर आईटीएम क्रिकेट अकादमी को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कप्तान के निर्णय को सही ठहराते हुए हितेश नायक ने 4 रन के निजी स्कोर पर स्टार प्लेयर चंदन गिल को चलता किया। हालांकि इसके बाद यश शर्मा (32) और पार्थ गोस्वामी (28) ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। लेकिन अंशुल त्रिपाठी और पवन धाकड़ ने सधी हुई गेंदबाजी कर विरोधी टीम के किसी भी बल्लेबाज को ज्यादा समय तक क्रीज पर टिकने नहीं दिया और पूरी टीम 38.5 ओवर में 178 रन पर सिमट गई।
सूरज सेंगर ने 23 रन, तेजराज ने 35 रन और युवराज राव ने 20 रन का योगदान दिया। टीम के आखिरी के 6 विकेट मात्र 23 रन के अंतराल में गिरे। गेंदबाजी में अंशुल ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए वहीं पवन धाकड़ ने 3 और अभय ने 2 बल्लेबाजों को चलता किया। आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी तानसेन क्रिकेट अकादमी ने 3 विकेट खोकर विजयी लक्ष्य हासिल किया। अंशुल त्रिपाठी 62 रन और सौराब धालीवाल 18 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं शिवांग कुमार ने 55 रन की आतिशी पारी खेली जबकि रितेश, सूरज और युवराज 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अंशुल त्रिपाठी को जबकि बेस्ट बैट्समैन का खिताब शिवांग कुमार को और बेस्ट बॉलर का खिताब हितेश नायक को दिया गया।
Cricket Tournament