शॉर्ट सर्किट से बिजली का तार टूटकर खेत में गिरा गेहूं की फसल में लगी आग, 10 लाख का नुकसान
पुरानी छावनी क्षेत्र के रायरू गांव में रविवार को खेतों के ऊपर से निकल रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ और जलता हुआ तार खेत में गिर पड़ा। इससे एक खेत में आग लगी और कुछ ही देर में आसपास के खेतों तक पहुंच गई। रायरू, सुमावली व आसपास के गांव वाले आग बुझाने पहुंचे। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां पहुंची। करीब 3 घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से गेहूं का करीब 10 लाख का नुकसान बताया है।
रायरू गांव में हाईवे के किनारे करीब 70 बीघा जमीन पर गेहूं की खेती हो रही है। यह जमीन गांव के ही रहने वाले करीब एक दर्जन लोगों की है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे राजू सरदार के खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ अौर तार जलता हुआ खेत में गिरा। खेत में कुछ गेहूं कटा हुआ रखा था और कुछ फसल खड़ी थी। आग अन्य खेतों तक भी पहुंच गई।
इन लोगों के खेत जले: आग राजू सरदार के खेत से शुरू हुई और इसके बाद गोपाल सिंह के खेत से होकर होतम सिंह, हेमंत गुप्ता, बिटटू सरदार, जयसिंह, पंचम सिंह के खेत तक फैल गई।
रायरू गांव में खड़ी फसल में लगी आग।
इधर, गोल पाड़ा में किराने की दुकान में लगी आग
ग्वालियर| उपनगर ग्वालियर के गोल पाड़ा क्षेत्र में स्थित एक किराने की दुकान में आग लग गई। इससे करीब 40 हजार रुपए का सामान जल गया। गोल पाड़ा के रहने वाले पुरुषोत्तम सिंह की घर के पास ही दुकान है। बीती रात उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।