मजिस्ट्रियल जांच में नहीं आए घटना के तथ्य, पुलिसकर्मियों के होंगे बयान
ग्वालियर| भारत बंद के दौरान 2 अप्रैल को हुए उपद्रव में मारे गए दीपक जाटव व राकेश टमोटिया की मजिस्ट्रियल जांच में अब तक ऐसे तथ्य सामने नहीं आ सके हैं, जो कि घटना का खुलासा कर सकें। बुधवार को इस मजिस्ट्रियल जांच में सुनवाई हुई। जिसमें थाटीपुर क्षेत्र व घटना स्थल के आसपास के 4 दुकानदारों ने शपथ पत्र देते हुए एसडीएम एचबी शर्मा को बताया कि बॉबी तोमर घटना के दौरान वहां नहीं था। बॉबी तोमर पर दीपक जाटव की हत्या का आरोप है। श्री शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस से केस डायरी आ चुकी है और अब पुलिसकर्मियों के बयान शुरू होंगे। उम्मीद है कि पुलिसकर्मियों के बयान में घटना से जुड़े तथ्य सामने अा सकें। इस मामले की अगली सुनवाई 23 मई को होगी।