युवक से रास्ता पूछा, फिर कट्टा अड़ाकर लूट लिया
ग्वालियर| किलागेट इलाके में बोलेरो सवार बदमाशों ने पैदल जा रहे युवक से घासमंडी का पता पूछा और उससे मोबाइल फोन तथा साढ़े तीन हजार रुपए लूट लिए। वारदात मंगलवार रात 2 बजे की है। चंद्र नगर में रहने वाले राजकुमार जाटव प्राइवेट नौकरी करते हैं। मंगलवार की रात को वह शादी में शामिल होने के लिए झांसी गए थे। वे रात 2 बजे लौटे थे। हजीरा पर टेंपो से उतरने के बाद वह पैदल किलागेट की ओर जा रहे थे। तभी एक ग्रे कलर की बोलेरो उसके पास आकर रुकी। बोलेरो में बैठे युवकों ने घासमंडी जाने का रास्ता पूछा। राजकुमार रास्ता बता रहे थे तभी उन्हें गाड़ी में बैठाया, मारपीट की और लूटने के बाद छोड़ दिया।
शहर से सटे 70 गांवों में पानी के लिए बनेगी डीपीआर
ग्वालियर| शहर से सटे 70 गांवों में पेयजल संकट के समाधान के लिए अबमुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के तहत पानी की लाइनें बिछाने और टंकियों के निर्माण कराया जाएगा। निगम सीमा में शामिल हुए 6 वार्डों में शामिल गांवों को अमृत योजना में शामिल नहीं किया गया था। ऐसे गांवों में पानी के समाधान के लिए डीपीआर बनाने का काम भोपाल की फर्म वास्तु शिल्पी प्रोजेक्ट एंड कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा है। उनकी तकनीकी टीम ने बुधवार को निगम कमिश्नर विनोद शर्मा और पीएचई के अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य से मुलाकात की। श्री मौर्य ने पूरी टीम के साथ क्षेत्र के निरीक्षण के निर्देश दिए।