- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- प्रधानमंत्री आवास: काम न रुके इसके लिए 100 करोड़ का ऋण लेगा निगम, एलआईजी 16 और एमआईजी 19 लाख में मिलेगा
प्रधानमंत्री आवास: काम न रुके इसके लिए 100 करोड़ का ऋण लेगा निगम, एलआईजी 16 और एमआईजी 19 लाख में मिलेगा
ग्वालियर|शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले 7992 आवासों के लिए 100 करोड़ रुपए का ऋण लिया जाएगा। मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) ने बुधवार को ऋण लेने की स्वीकृति दे दी है, जिससे आवास बनाने में रुकावट पैदा नहीं हो। यह योजना 600 करोड़ रुपए की है, जिसमें से केंद्र सरकार सिर्फ 99 करोड़ रुपए की राशि अनुदान के रूप में देगी। शेष राशि निगम को आवास बेचकर कमाना होगी। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश जारी कर एलआईजी और एमआईजी की दरें भी निर्धारित कर दी हैं। अब एलआईजी 16 लाख और एमआईजी 19 लाख रुपए में मिलेगा। यह मकान महलगांव पहाड़ी और शर्मा फार्म हाउस के पास बनाए जा रहे हैं।
बाल भवन में महापौर विवेक शेजवलकर की अध्यक्षता में एमआईसी की बैठक 3 घंटे चली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऋण लेने का मामला सामने आया। उस पर सभी ने अपनी सहमति दी, जिससे शासन से भी स्वीकृति मिल जाए। जब जरूरत महसूस होगी, तब राष्ट्रीयकृत बैंक से ऋण ले लिया जाएगा। एमआईसी की बैठक में आयुक्त विनोद शर्मा के अलावा सदस्य गंगाराम बघेल, धर्मेन्द्र राणा, सतीश बौहरे, खुशबू गुप्ता, नीलिमा शिंदे और केशव गुर्जर आदि उपस्थित थे।