अच्छी बारिश के लिए भगवान लक्ष्मी नारायण का किया 40 लीटर दूध से अभिषेक
ग्वालियर-चंबल संभाग में अच्छी बारिश की कामना को लेकर बुधवार को जनकगंज स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पहले दिन भगवान लक्ष्मी नारायण का 40 लीटर दूध से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का आकर्षक श्रंगार किया गया। दस दिन तक चलने वाले अभिषेक में गुरुवार को दही से अभिषेक किया जाएगा।
पुरुषोत्तम मास का शुभारंभ
लक्ष्मीनारायण भगवान का दूध से अभिषेक किया गया। दूसरे चित्र में उपस्थित श्रद्धालु।
भगवान विष्णु को तुलसीदल बहुत प्रिय है
संत बाबा महाराज ने कहा कि जो लोग पूरे वर्ष प्रभु की पूजा नहीं कर पाते हैं, वे पुरुषोत्तम मास में एक महीने पूजा करें तो उन्हें पूरे सालभर का फल प्राप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु को तुलसी दल बहुत पंसद है, उनका भोग लगाने में तुलसी दल का प्रयोग किया जाता है। मंदिर के व्यवस्थापक संजय लभाटे बताया कि बुधवार से दस दिवसीय अभिषेक प्रारंभ हो गए हैं, जिसमें प्रतिदिन एक मन दूध, दही, घी, केरी का पना, शहद, आम का रस, गन्ने के रस से अभिषेक किया जाएगा। अंतिम दिन दूध से अभिषेक होगा। यह आयोजन सुबह 7.30 बजे से 9 बजे तक होगा। यह अभिषेक ग्वालियर-चंबल संभाग में अच्छी बारिश की कामना को किया जा रहा है। बुधवार से तुलसीदल समर्पण कार्यक्रम का भी बुधवार को शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करते हुए तुलसीदल भगवान लक्ष्मी नारायण को समर्पित किए। उन्होंने बताया कि अच्छी बारिश के कामना के लिए यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा, जो 6 जून से शुरू होकर 12 जून तक चलेगा। सातवें दिन यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी।