हमसे सहयोग तो सभी लेते हैं, लेकिन देने की बारी आने पर भूल जाते हैं
वैश्य समाज से सहयोग लेने तो सभी दल आते हैं, लेकिन जब हमें कुछ देने की बारी आती है तो वे भूल जाते हैं। अंचल में गहोई वैश्य समाज की खासी आबादी हैै। इस हिसाब से इस समाज के लोगों को महत्व दिया जाना चाहिए। यह बात पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने बुधवार को जैन छात्रावास में चंबल क्षेत्रीय गहोई वैश्य समाज की जागृति यात्रा चल समारोह के समापन समारोह में बोल रहे थे।
श्री नीखरा ने कहा कि गहोई समाज ने देश को भामाशाह आैर राष्ट्रकवि मैथलीशरण गुप्त जैसी प्रतिभाएं दी हैं। भामाशाह ने जहांं जरूरत पड़ने पर देश के लिए अपना खजाना खोल दिया था। वहीं राष्ट्रकवि गुप्त ने अपने साहित्य से देश की सेवा की। उन्होेंने कहा कि ग्वालियर में पिछले दिनों जिस तरह से सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश की गई, भविष्य में नहीं होना चाहिए। सामाजिक सद्भाव बनाए रखने कीी दिशा में गहोई वैश्य समाज को आगे आना चाहिए।
मंच पर मौजूद भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को हमेशा ही फाइनेंसर समझा जाता है। जबकि हमारा समाज हमेशा उत्पादक की भूमिका में रहा है। उन्होंने दो टूक कहा- हम चाहते हैं कि कांग्रेस हमारे समाज के लोगों को चुनाव में टिकट दे। बता दें श्री गुप्ता प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता भी हैं। इसी तरह नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता रहे सुधीर गुप्ता ने भी समाज के लोगों से कांग्रेस का साथ देने की बात कही।
मंच पर अतिथियों के रूप में महापौर विवेक शेजवलकर, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता गहोई वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश नारायण सांवला, राधेश्याम कुचिया, बृह्मेंद्र गुप्ता, रमेश बाबू गंधी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। स्वागत भाषण केशव नीखरा ने दिया। संचालन प्रदीप गुप्ता ने आैर आभार प्रदर्शन सुधीर रावत ने किया। इससे पहले कंपू केआरजी कालेज से चल समारोह का शुभारंभ हुआ। इसमें गहोई वैश्य समाज के सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। चल समारोह में शामिल रथों पर समाज के प्रतिनिधि सवार थे। चल समारोह रॉक्सी, माधौगंज चौराहा, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, लोहिया बाजार, नया बाजार होते हुए जैन छात्रावास पहुंचा।
कम्पू से शुरू हुआ चल समारोह, जैन छात्रावास में हुआ समापन
जागृति यात्रा निकालते गहोई समाज के लोग। दूसरे चित्र में पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा व अन्य अतिथि।