डीजल टैंकर लुटेरों की भिंड-मुरैना में तलाश, पुिलस ने फोटो भिजवाए
झांसी रोड के विक्की फैक्टरी इलाके से टैंकर के ड्राइवर और क्लीनर को बंधक बनाकर 6 लाख रुपए का डीजल लूटने वाले बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस को बदमाशों के भिंड-मुरैना में होने की जानकारी मिली है। इस आधार पर वहां की पुलिस को भी बदमाशों के फोटो भेजे गए हैं। यह फोटो विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज से मिले थे। पुलिस को यह भी पता लगा है कि शुक्रवार की शाम को भी यह लोग वारदात करने के इरादे से आए थे लेकिन पुलिस की सतर्कता देखकर निकल गए।
अशोक नगर में पेट्रोल पंप संचालित करने वाले बालकृष्ण अग्रवाल का टैंकर लेकर ड्राइवर मुकेश ओझा रायरू डिपो पर पेट्रोल और डीजल लेेने के लिए आया था। 11 अप्रैल को दोपहर 3.30 पर वह टैंकर लाेड करवाकर निकला था। विक्की फैक्टरी और बेला की बावड़ी के बीच स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने ओवरटेक कर टैंकर रोका और ड्राइवर मुकेश तथा क्लीनर राजू को कब्जे में लेकर टैंकर ले गए। इन दोनों काे छीमक रोड पर बंधक बनाकर रखा। 12 अप्रैल को तड़के 4 बजे इन्हें बदमाशों ने छोड़ा। इसके बाद यह लोग पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू की तो टैंकर बेहटा हाईवे पर खड़ा मिल गया। इसमें से 6 लाख रुपए कीमत का 9 हजार लीटर डीजल निकाल लिया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की तो पता चला कि इनमें से कुछ बदमाश मुरैना और कुछ भिंड के हो सकते हैं। इस आधार पर भिंड और मुरैना पुलिस को भी इनके फोटो भेजे गए हैं।
लुटेरों को देखें तो इन नंबरों पर दें सूचना: पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से निकाले गए बदमाशों के फोटो जारी कर दिए हैं। इन बदमाशों की सूचना थाना प्रभारी दीपक यादव के फोन नंबर 9425632400, एसआई पंकज तिवारी के मोबाइल नंबर 9039167012 तथा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 2445222 पर दी जा सकती है।