खुदाई में टूटी पानी व सीवर की लाइनें, गंदे पानी की सप्लाई
उपनगर ग्वालियर स्थित संजय नगर में सीवर और पानी की लाइनें टूट जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। क्षेत्रीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र में अमृत योजना के तहत पानी की लाइन बिछाने के लिए एक सप्ताह पहले माता मंदिर के पास खुदाई कराई गई थी। खुदाई के दौरान आस-पास के घरों की सीवर और पानी की लाइनें टूट गईं। क्षेत्रीय निवासी अखिल शर्मा के अनुसार गंदे पानी की समस्या से परेशान लोगाें ने ठेकेदार सहित पीएचई के अधिकारियों से लगातार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उधर किलागेट स्थित काशी नरेश की गली में शुक्रवार को रोड के लिए खुदाई का काम करते समय पानी की और सीवर की लाइनें टूटने से विवाद की स्थिति बन गई। क्षेत्रीय निवासियों की नाराजगी को देखते हुए ठेकेदार अधूरा काम छोड़कर भाग निकला।
लक्ष्मीबाई कॉलोनी में साफ कराए सीवर: पड़ाव स्थित लक्ष्मीबाई कॉलोनी में पिछले लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई की समस्या सामने आ रही थी। इसे लेकर क्षेत्रीय निवासी एमएल अरोरा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार को सीवर सेल के सहायक यंत्री लल्लन सिंह सेंगर ने सीवर सक्शन मशीन और अमले के साथ कॉलोनी के सभी सीवर चेंबरों की सफाई कराई। श्री सेंगर का कहना है कि चेंबर भरे होने के कारण गंदे पानी की सप्लाई हो रही थी। इसकी सफाई के साथ ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
पहले समझाने पर नहीं माने, दोबारा पकड़े 10 हजार का जुर्माना और टिल्लू पंप जब्त किया
ग्वालियर| नगर निगम के पीएचई अमले ने शुक्रवार को भवन निर्माण करने वालों के अलावा पानी की पाइप लाइन से सीधे कनेक्शन में टिल्लू पंप लगाने वालों को भी पकड़ा। निगम के उपायुक्त एपीएस भदौरिया के निर्देश पर उड़नदस्ते को मुरार क्षेत्र में पहुंचाया गया। उड़नदस्ता वार्ड-29 और 60 में पहुंचा। यहां पर दर्पण काॅलोनी में रहने वाले संतोष सिंह राणा एलआईजी भवन का निर्माण कार्य करा रहे थे। इनको पहले भी उन्हें नोटिस दिया था। उसके बाद भी काम चालू रहने पर टीम ने मौके से टिल्लू पंप जब्त कर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। वार्ड-60 में रहने वाले अवनीश तोमर निवासी दुष्यंत नगर भी भवन का निर्माण करा रहे थे। उनका भी टिल्लू पंप जब्त कर दस हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। इसी तरह सुनीता चौधरी और एक अन्य अतुल नगर निवासी पर दस-दस हजार रुपए का अर्थंदंड लगाया।