पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • लश्कर, उपनगर ग्वालियर के कई क्षेत्रों में पीले पानी की सप्लाई, कुछ मोहल्लों में ताे सीवरयुक्त

लश्कर, उपनगर ग्वालियर के कई क्षेत्रों में पीले पानी की सप्लाई, कुछ मोहल्लों में ताे सीवरयुक्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तपिश बढ़ते ही लश्कर व उपनगर ग्वालियर के कुछ क्षेत्रों में पीले और गंदे की पानी की सप्लाई हो रही है। यह स्थिति पाइप लाइन में जमी काई फूल कर छूटने से बन रही है। पार्षदों का कहना है कि उनके वार्ड में मोतीझील प्लांट से पिछले कई दिनों से पीला पानी आ रहा है। शिकायत के बाद भी पीएचई के अफसर नहीं सुन रहे। वैसे भी एक दिन छोड़कर सप्लाई होने के कारण पानी का संकट है। वहीं शहर के कुछ क्षेत्रों में रविवार को सीवर युक्त पानी भी पहुंचा। इसके अलावा हुरावली में सप्लाई के लिए पहुंचे टैंकर का पानी भी पीने योग्य नहीं था। डॉक्टरों का कहना है कि गंदा पानी पीने से बीमार हो सकते हैं इसलिए उबालकर ही पीएं। वहीं पीएचई के अफसरों का कहना है कि काई काे साफ करने के लिए मिलाई क्लोरीन की मात्रा अधिक होने के कारण पानी का रंग पीला हो रहा है। यह नुकसानदायक नहीं है।

हुरावली के लोग बोले- हमारे यहां टैंकर से सप्लाई फिर भी पानी पीने योग्य नहीं

हुरावली क्षेत्र में साइकिल से लाना पड़ रहा है पीने का पानी।

पार्षद बोले- अफसर नहीं आ रहे

क्षेत्र में पीला पानी कई दिनों से आ रहा है। यहां सीवर लाइन भी फूट गई है। पिछले दिनों पीएचई के अफसर निरीक्षण करने आए। अभी तक समाधान नहीं निकला। चंदू सेन, पार्षद वार्ड-33

पीएचई के अफसरों की मनमर्जी

अभी पूरे शहर में ही पीला पानी आ रहा है। ऐसा ही पानी मेरे क्षेत्र में भी सप्लाई हो रहा है। पीएचई के अफसरों से शिकायत की है। यह मोतीझील प्लांट से ही सप्लाई हो रहा है। जयसिंह सोलंकी, पार्षद वार्ड-10

थोड़ी देर को आता है पानी

क्षेत्र में पानी सप्लाई शुरू होती है तो शुरू में पीला पानी आता है और कुछ देर चलने के बाद ठीक हो जाता है। यह संभवत: काई छूटने के कारण हो रहा है। यह पिछले 20 दिन से चल रहा है। ज्योति रवि तोमर, पार्षद-34

लश्कर क्षेत्र: लक्ष्मीगंज सहित शिंदे की छावनी की रामबाग काॅलोनी, काॅर्मल काॅन्वेंट स्कूल के पास की बस्तियों और कमल सिंह का बाग में सुबह कुछ समय के लिए पीला पानी आया। उसके बाद साफ पानी आने लगा। वार्ड-33 के कुछ हिस्सों में पीला पानी सप्लाई हुआ। यहां पर खटीक मोहल्ला में सीवर की लाइन खराब हो चुकी है। इस वजह से सीवर का पानी नलों में पहुंच रहा है। पिछले दिनों पीएचई के अफसरों ने निरीक्षण किया लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका है। यहां पर खटीकपुरा, खल्लासीपुरा, नौगजा रोड, अासमानी माता मंदिर, पावर हाउस क्षेत्र में पीला व गंदा पानी सप्लाई हुआ।

उपनगर ग्वालियर: कोटेश्वर काॅलोनी, सुनारन गली, काशीनरेश की गली, सुभाषपुरी, मंगलेश्वर रोड, लखेरा गली, केशव बाग, आऊखाना और घासमंडी में काला व पीला पानी आ रहा है। लोगों ने प्राइवेट टैंकर मंगा कर पानी भरा।

मुरार: हुरावली क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी टैंकर से पहुंचाया जा रहा है। यहां रहने वाले अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार को पानी का टैंकर भेजा गया था। उसमें गंदा पानी भरा हुआ था, जो पीने लायक तो दूर कपड़े धोने के लायक भी नहीं था।

इस कारण सप्लाई हो रहा है पीला पानी: गर्मी में पानी पीला होने के दो कारण रहते है। काई छूटने के कारण पानी के ट्रीटमेंट में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा कर दी जाती है। दूसरा तिघरा के आस-पास लाल मुरम के पहाड़ हैं। उसमें आयरन होता है, यह जब पानी के साथ बहकर पहुंचता है, तब पीला पानी आने लगता है।

पानी उबालकर पीना चाहिए

काई युक्त गंदे पानी का अधिक सेवन करने से डायरिया, उल्टी, दस्त होने के साथ पीलिया और टाइफाइड भी हो सकता है। इसलिए जब ऐसा पानी आए तो छान कर और उबालकर पीना चाहिए। डाॅ. अजय पाल सिंह, प्रोफेसर मेडिसिन विभाग जीआरएमसी

गर्मी के दिनों में स्टाफ काई के छूटने के कारण क्लोरीन बढ़ा देता है। इस वजह से पीला पानी आता है। हम उसे रोकने के लिए पोटेशियम परमैगनेट और एलम ब्लीच मिलाकर डालेंगे, जिससे पानी साफ हो जाएगा। आरएलएस मौर्य, अधीक्षण यंत्री

खबरें और भी हैं...