ओपीडी में नहीं आए हड्डी और आंख के डॉक्टर बिना इलाज के लौटे मरीज
सिविल अस्पताल में सूने डॉक्टर के चेंबर।
हेल्थ रिपोर्टर | ग्वालियर
सिविल अस्पताल हजीरा में रविवार को लगी दो घंटे की ओपीडी में ऑर्थोपेडिक और आंख का कोई भी डॉक्टर नहीं था। पीडियाट्रिक और सर्जरी के डॉक्टर आए तो थे लेकिन जल्दी चले गए। इस कारण कई मरीज बिना इलाज के ही लौट गए। रविवार को सिविल अस्पताल हजीरा में दो घंटे सुबह 9 से 11 बजे की ओपीडी थी। ओपीडी में कुछ डॉक्टर पहुंचे ही नहीं थे। कुछ डॉक्टर देर से आए और जल्द चले गए। ओपीडी में नेत्र रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं आए। पीडियाट्रिशियन डॉ. एके सिंघल 10.30 बजे ही चले गए। इसी तरह सर्जन डॉ.एन शिवहरे भी जल्दी चले गए। वहीं जिला अस्पताल मुरार में भी दो घंटे की ओपीडी में कई डॉक्टर नहीं पहुंचेे। इस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. एके दीक्षित का कहना है कि सिविल सर्जन से कहा जाएगा कि वह दो घंटे की ओपीडी में डॉक्टरों के बैठने की व्यवस्था करें।
सिविल अस्पताल हजीरा