पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • चंबल से पानी लाने डिटेल सर्वे शुरू, टीम ने लिया जायजा

चंबल से पानी लाने डिटेल सर्वे शुरू, टीम ने लिया जायजा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंबल नदी का पानी ग्वालियर लाने के लिए शुक्रवार को डिटेल सर्वे का काम शुरू हो गया। इंदौर की मेहता एंड मेहता एसोसिएट की तकनीकी टीम ने पीएचई अफसरों के साथ चंबल नदी पर बने पुल के दोनों ओर का निरीक्षण कर इंटेकवेल के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश की। साथ ही पाइप लाइन लाने के लिए नूराबाद तक की साइट देखी। यहां तक एबी रोड के किनारे ही लाइन लाने का काम किया जाएगा। शनिवार को टीम के सदस्य नूराबाद से तिघरा तक का एलाइनमेंट चेक कर तय करेंगे कि लाइन को रोड किनारे ही आगे बढ़ाएं या अंदर के क्षेत्र से तिघरा तक की दूरी कम पड़ेगी। इस दौरान सुरक्षा कारणों पर ध्यान दिया जाएगा।

याद रहे शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए चंबल नदी से पानी लाने के लिए दैनिक भास्कर ने पिछले साल अभियान चलाया था। उसके बाद जनप्रतिनिधियों ने निगम अफसरों को निर्देश देकर आनन-फानन में प्रारंभिक डीपीआर तैयार कराई थी। नगर निगम ने एनसीआर में 269 करोड़ रुपए के लोन के लिए प्रस्ताव भेजा था। निगम कमिश्नर विनोद शर्मा और पीएचई के अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य पिछले दिनों एनसीआर की तकनीकी और फाइनेंशियल विंग के अफसरों से मुलाकात की थी। उन्होंने निगम से डिटेल सर्वे कर रिपोर्ट भेजने को कहा था। अधीक्षण यंत्री श्री मौर्य ने बताया कि डिटेल सर्वे का काम लगभग 15 दिन में पूरा हो जाएगा। उसके बाद एनसीआर को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

मेहता एंड मेहता एसोसिएट की टीम ने चंबल से नूराबाद तक का लिया जायजा

75 फीसदी मिलेगा लोन
चंबल नदी से ग्वालियर तक पानी लाने पर होने वाले वास्तविक खर्च का 75 फीसदी भाग ही एनसीआर द्वारा लोन के रूप में दिया जाएगा। शेष राशि राज्य सरकार या निगम प्रशासन द्वारा लगाई जाएगी। हालांकि इसके लिए निगम अफसर राज्य सरकार से अंशदान लेने की तैयारी कर रहे हैं ताकि निगम पर आर्थिक बोझ न पड़े।

चंबल से पानी लाना हमारी प्राथमिकता
चंबल से पानी लाने का काम हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। डिटेल सर्वे के साथ ही विभिन्न विभागों की एनओसी लेने सहित अन्य कामों को भी तेजी से पूरा कराया जाएगा ताकि योजना पर शीघ्रता से काम शुरू हो सके। विनोद शर्मा, कमिश्नर, नगर निगम

खबरें और भी हैं...