ई-वॉलेट बनाकर जमा कराए रुपए, फायदे का झांसा दे ठगा
बाजार सेंस डॉट कॉम कंपनी ने एक ई वॉलेट बनाकर लोगों से रुपए जमा कराए। रुपए जमा कराते वक्त लोगों से कहा गया था कि उन्हें 20 प्रतिशत तक फायदा प्रतिमाह इसमें मिलेगा। मुनाफे की बात सुनकर लोगों ने पहले 1000 और 2000 रुपए वॉलेट में डाले। इसकी एवज में उन्हें 20 प्रतिशत तक का फायदा मिल गया। इसके बाद जब लोगों ने 10 हजार रुपए से ज्यादा जमा किए तो कंपनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया। साथ ही रुपए भी नहीं लौटाए। इसके बाद लोगों के फोन भी उठाना बंद कर दिए। लगभग डेढ़ लाख से ज्यादा रकम को लेकर फरवरी से परेशान दीनदयाल नगर के 10 लोगों ने इस संबंध में क्राइम ब्रांच से शिकायत की है।
दीनदयाल नगर में रहने वाले तेजप्रताप सिंह के साथ कुछ लोग क्राइम ब्रांच ऑफिस में शिकायत करने पहुंचे थे। तेज प्रताप का कहना था कि उनके पास बाजार सेंस डॉट कॉम के डायरेक्टर भावुक धनंजय शर्मा तथा मैनेजर अमित सक्सेना का फोन आया था। उन्होंने कंपनी के ई-वॉलेट में रुपया इन्वेस्ट करने तथा उससे होने वाले फायदे के बारे में बताया था। इसके बाद तेजप्रताप और उसके परिचितों ने रुपए ऑनलाइन इन्वेस्ट करना शुरू कर दिए। शुरुआत में 500 से 1000 रुपए जमा कराए तो वहां से 20 प्रतिशत फायदे के साथ मूलधन भी वापस मिल गया था। लेकिन जनवरी में इन लोगों ने 10 हजार या इससे ज्यादा रुपए जमा कराए तो उन्हें न तो मूलधन मिला और न ही 20 प्रतिशत फायदा। इसके बाद लोगों ने फोन कर रुपए वापस करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो कंपनी के लोगों ने बताया कि कंपनी का फॉर्मेट चेंज हुआ है। अब इंस्टा यूपीआई के नाम से कंपनी काम करेगी और उससे ही उन्हें रुपया वापस मिलेगा। लेकिन इसके बावजूद रुपया वापस नहीं किया गया।
5-5 हजार रुपए में स्कीम कार्ड बनवाए, विज्ञापन देखने पर रुपए का लालच दिया : कंपनी ने अपने इन्वेस्टर्स के लिए 5-5 हजार में स्कीम कार्ड भी लांच किया था। यह कार्ड 5 हजार रुपए जमा करवाकर बनाए गए थे। इन कार्ड के बनने के बाद इन्वेस्टर्स को लिंक दी गई थी। इसमें विज्ञापन थे। विज्ञापन देखने के पर प्रति विज्ञापन 3 रुपए मिलना थे। इस तरह से 50-60 रुपए प्रतिदिन अतिरिक्त लाभ इन्वेस्टर्स को देने के लिए कहा गया था। लेकिन इस कार्ड से न तो लाभ मिला और न ही मूलधन वापस किया गया था।
ठगी के शिकार डीडी नगर के 10 लोग क्राइम ब्रांच पहुंचे
ठगी का शिकार तेज प्रताप सिंह।
जांच की जा रही है
बाजार सेंस डॉट कॉम द्वारा धोखाधड़ी करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही धोखाधड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पंकज पांडेय, एएसपी, क्राइम ब्रांच