पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • न जुलूस निकालेंगे न रैली, सार्वजनिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे प्रतिमा पर फूल माला चढ़ाने सिर्फ दो दो लोग ही जा सकेंगे

न जुलूस निकालेंगे न रैली, सार्वजनिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे प्रतिमा पर फूल माला चढ़ाने सिर्फ दो- दो लोग ही जा सकेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासनिक रिपोर्टर | ग्वालियर

डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शनिवार को शहर में भारत बंद जैसी सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस दिन न कोई संगठन या व्यक्ति कोई रैली-जुलूस निकाल सकेगा और न 4 से ज्यादा लोग एक साथ कहीं आ-जा सकेंगे। जिन्हें डॉ. आंबेडकर को पुष्पांजलि देनी होगी, उन्हें भी अधिकतम 4 की संख्या में फूल-माला चढ़ाने की अनुमति मिलेगी। थाटीपुर के जीवाजी नगर तिराहे और फूलबाग के आंबेडकर पार्क पर टेंट लगाए जाएंगे। जिनमें शांति समिति के सदस्य सुबह से शाम तक बैठेंगे। जिला एवं पुलिस प्रशासन को माहौल बिगाड़ने के लिए सक्रिय कुछ लोगों की गुप्त जानकारी मिली है। ऐसे लोग व क्षेत्रों की निगरानी दो दिन पहले से शुरू करा दी गई है। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4 एडीएम, 10 एसडीएम और 20 कार्यपालिक दंडाधिकारियों को क्षेत्र में तैनात किया है। साथ ही 80 मोबाइल वैन शहर के हर क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। शहर में 4 ड्रोन कैमरों से भी निगाह रखी जाएगी। हर मोबाइल टीम के साथ वीडियोग्राफर व कैमरामैन रहेगा।

प्रतिमाआें पर सुरक्षा के इंतजाम: पुलिस ने आंबेडकर प्रतिमा के आसपास सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस ने हुरावली, खुरैरी, डीडी नगर, पंचशील नगर गोला का मंदिर, शील नगर बहोड़पुर, फूटी कॉलोनी सिरौल, अजाक्स कार्यालय दर्पण कॉलोनी, हरिजन बस्ती थाटीपुर, टकसाल कंपू, जिनावली, रायरु पुरानी छावनी, महाराजपुरा में स्थापित आंबेडकर प्रतिमाओं पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर शहर की सड़कों पर पुलिस बल ने निकाला मार्च। फोटो: भास्कर

सुबह 5.45 बजे से पोजीशन ले लेगा फोर्स
10 अप्रैल शांतिपूर्ण निकलने के बाद पुलिस की बड़ी चुनौती आंबेडकर जयंती के लिए पुलिस अफसरों ने रणनीति तैयार कर ली है। शुक्रवार को हर एक पुलिसकर्मी को उसका पॉइंट बता दिया गया। शुक्रवार शाम से इनकी तैनाती शुरू कर दी गई। शनिवार सुबह 5.45 बजे से ही फोर्स पोजीशन ले लेगा। शहर में 150 संवेदनशील पॉइंट पर फिक्स पिकेट(5-5 पुलिसकर्मी) के साथ क्यूआरटी(क्विक रिस्पांस फोर्स) और आरएएफ(रेपिड एक्शन फोर्स) की टीम तैनात रहेगी।

पुलिस ने निकाला शहर में निकाला फ्लैग मार्च: शुक्रवार शाम को 80 गाड़ियों के काफिले के साथ पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। शाम 4 बजे सिटी सेंटर स्थित विवेकानंद पार्क के पास शहर के हर थाने से फोर्स पहुंचा। 80 गाड़ियों इकट्ठी हुई। आईजी, डीआईजी और एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च शुरू हुआ। इससे पहले एसपी ऑफिस में अधिकारियों की बैठक हुई।

ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
150 संवेदनशील पॉइंट के अलावा 100 पॉइंट और रहेंगे जिन पर फिक्स पिकेट लगाए जाएंगे

शहर में कुल 2500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

100 मोबाइल वैन शहर में लगातार गश्त करेंगी, हर वैन में डाई ग्रेनेड, आंसू गैस भी रहेंगी। 60 गाड़ियां अलग से चलेंगी।

शहर में 4 ड्रोन कैमरा, 625 सरकारी सीसीटीवी कैमरा और 500 निजी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी

13 पुलिस पार्टी रिजर्व रहेंगी, जिन्हें जरुरत पड़ने पर कहीं भी भेजा जाएगा।

धारा 144 का उल्लंघन करने वालों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में 11 पार्टी रिजर्व की गई हैं।

300 पुलिसकर्मियों का काफिला आरएएफ इंटरवेंशन व्हीकल के साथ सुबह 5 बजे से रात तक शहर में गश्त करेगा।

सार्वजनिक स्थल पर कार्यक्रम नहीं
आंबडेकर जयंती पर शनिवार को आरक्षित वर्ग से जुडे संगठन व दल कोई रैली या जुलूस नहीं निकालेंगे। वहीं संगठनों द्वारा सार्वजनिक स्थल पर कोई कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किया जाएगा। आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों के संगठन अजाक्स ने थाटीपुर स्थित दफ्तर पर ही पुष्पांजलि सभा रखी है।

थाटीपुर स्थित अजाक्स कार्यालय पर ही डॉ. अांबेडकर की जयंती मनाएंगे।शनिवार को कोई रैली या जुलूस नहीं निकाला जाएगा। - मुकेश मौर्य, जिला अध्यक्ष/ अजाक्स

हमारी पार्टी का वृहद् कार्यक्रम शनिवार को छतरपुर में आयोजित किया गया है। जिसमें बसपा कार्यकर्ता शामिल होंगे, इसलिए ग्वालियर में हमारा कोई आयोजन नहीं है और हम सभी छतरपुर में डॉ. अंबेडकर को पुष्पांजलि देंगे। -रामदुलारे जाटव, जिलाध्यक्ष/ बसपा

सुरक्षा कारणों से इन पर लगाया गया प्रतिबंध
रैली-जुलूस, कार्यक्रम | हर साल थाटीपुर व शहर के अन्य क्षेत्रों से रैली या जुलूस के रूप में लोग फूलबाग स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचते थे। लेकिन इस साल किसी भी संगठन को अनुमति नहीं दी गई है।साथ ही धारा 144 लागू होने के कारण कॉलोनी, मोहल्लों में भी किसी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है।

लेंटर्न | सरकार ने चायनीज पटाखे पहले से ही बैन कर रखे हैं। लेकिन 14 अप्रैल को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के ताैर पर लेंटर्न का विक्रय सख्ती से बैन करने के निर्देश जारी किए हैं।

इंटरनेट | शरारती तत्व किसी प्रकार की हिंसा या घटना की प्लानिंग न कर सके और उसे प्रचारित नहीं कर पाए इसलिए शुक्रवार रात 8 बजे से शनिवार को शाम 6 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।

अब 25 को भारत बंद की अपील, कलेक्टर बोले-सिर्फ अफवाह
सोशल साइट्स पर अब 25 अप्रैल को भारत बंद का प्रचार किया जा रहा है। इसका कारण राम मंदिर निर्माण कराने का संकल्प लेना बताया जा रहा है। कलेक्टर राहुल जैन का कहना है कि हमारे पास भी ऐसी पोस्ट की जानकारी आई थी। यह सिर्फ अफवाह है। लोग इस पर ध्यान नहीं दें।

डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। हर क्षेत्र पर टीमें तैनात की गई हैं, जो कि पूरी तरह से माहौल व लोगों पर निगाह रखे हैं। - राहुल जैन, कलेक्टर

आंबेडकर पार्क से भागते दो युवक हिरासत में
इंदरगंज पुलिस को रात 1.30 बजे आंबेडकर पार्क में घुसे दो संदिग्ध युवकों के कार में बैठकर भागने की सूचना पर फूलबाग से लेकर जयेंद्रगंज और शिंदे की छावनी तक घेराबंदी की गई। पुलिस को शिंदे की छावनी चौराहे पर कार एमपी 06 डी 1382 मिल गई। इसमें युवक योगेंद्र कुशवाह निवासी विनय नगर तथा इनके रिश्तेदार आदित्य चौहान बैठे थे। योगेंद्र के पिता नरेंद्र सिंह कलेक्टोरेट में एसडीएम के रीडर बताए जाते हैं। टीआई पड़ाव संतोष सिंह के अनुसार, योगेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपने रिश्तेदार के साथ स्टेशन पर सिगरेट पीने के लिए आया था।

अंबेडकर पार्क से पुलिस को देखकर भागने की शंका में दो युवकों को हिरासत में लिया है, इनसे पूछताछ की जा रही है। - डॉ. आशीष, एसपी

खबरें और भी हैं...