काजल टॉकीज के पीछे पाइप लाइन फूटने से बहता रहा पानी
सिटी रिपोर्टर | ग्वालियर
शिंदे की छावनी में शुक्रवार की शाम को अचानक 28 इंच पाइप लाइन के वाल्व की रॉड खराब हो गई। उसके काम नहीं करने से पानी 24 इंच की पाइप लाइन से पहुंचाया। इस वजह से शिंदे की छावनी के क्षेत्रवासियों को पानी सप्लाई का दिन नहीं होने के बाद भी शुक्रवार को भरपूर पानी मिला। वहीं इस दिन इंदरगंज व चेतकपुरी टंकी नहीं भर सकीं। इन टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में कम प्रेशर से पानी पहुंचा। एसडीओ पीएचई वीके त्रिपाठी ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर वाल्ब की खराबी को दूर कराया। हालांकि क्षेत्र में शनिवार को कम प्रेशर से पानी पहुंचा लेकिन क्षेत्रवासियों को दिक्कत नहीं आई। क्योंकि उन्हें एक दिन पहले भी भरपूर पानी मिल गया था। शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। शहरवासी उसी हिसाब से पानी का मैनेजमेंट कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम को 4:30 बजे अचानक शिंदे की छावनी क्षेत्र में पानी तेज प्रेशर से आने लगा। घरों में आराम कर रहे लोग पानी भरने के लिए मोटर चालू करने भागे। हालांकि लोगों को पानी की मोटर चालू करने की जरूरत ही नहीं पड़ी। प्रेशर इतना तेज था कि पानी वैसे ही मकानों की छतों पर रखी टंकी में जा पहुंचा।
काजल टॉकीज के पाइप लाइन फूटी
काजल टॉकीज के पीछे स्थित आदर्श कॉलोनी (वार्ड-34) में पानी की पाइप लाइन फूट गई। इस वजह से क्षेत्र में काफी देर तक पानी फैलता रहा। जब सप्लाई बंद हुई, तब पानी फैलना बंद हुआ। तब तक क्षेत्र में काफी पानी भर गया था।