ग्वालियर | भाजपा सरकार की नाकामियों के खिलाफ कांग्रेस धरना देगी। जून के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले इस विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार करने के लिए रविवार सुबह 11 बजे शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय पर बैठक का आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यक्रम, आंदोलन, अभियान समिति संयोजक रमेश अग्रवाल ने दी। उन्होंने कहा कि 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि कार्यक्रम पर चर्चा के अलावा 27 मई को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि और 28 मई को राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल की पिछड़ा वर्ग यात्रा के स्वागत कार्यक्रम को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वोटर लिस्ट ठीक कराएं। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश प्रतिनिधि, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व विधायक आदि मौजूद रहेंगे।