ग्वालियर | गोवा एक्सप्रेस के गार्ड केबिन में पालतू कुत्ते की मौत हो जाने पर गार्ड ने ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रोके जाने पर कुत्ते के मालिक की तलाश कर उससे लिखित में पत्र लेकर शव को झांसी स्टेशन पर सफाई कर्मियों के सुपुर्द किया गया। इसके बाद ट्रेन रात 10.20 बजे 15 मिनट बाद झांसी से रवाना की गई।
हरियाणा के राजेंद्र बजाज निजामुद्दीन से मिरज की यात्रा कर रहे थे। उनका आरक्षण वेटिंग में था। उन्होंने अपने कुत्ते का भी नियमानुसार गार्ड केबिन में टिकट कराया था। पालतू कुत्ते को ले जाने के लिए ट्रेन के गार्ड केबिन में अलग से बॉक्स निर्धारित रहता है। इसी बॉक्स में कुत्ते की मौत हो गई। झांसी में गार्ड की बदली होने पर जब कुत्ते को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। जब उसके मालिक की तलाश की गई तो वह एस-2 में मिले। राजेंद्र से कुत्ते के शव के साथ उतरने या लिखित आवेदन देकर कुत्ते के शव को झांसी में छोड़ने को कहा गया।