चार खलिहानों में लगी आग, फसलें जली
हैदरनगर | मंगलवार की शाम बिलासपुर पंचायत के नौडीहा गांव में बिजली प्रवाहित मेन लाइन से निकली चिंगारी खलिहान में गिरी और महज पांच मिनट के भीतर चार किसानों पूर्व मुखिया जोगेन्द्र सिंह, उवि के रिटायर शिक्षक ललन सिंह, अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह व सोधन साव के खलिहान में दउनी के लिए रखी गेहूं, अरहर व सरसों की फसल जलकर खाक हो गई। इससे कुल पांच लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ। किसानों ने बताया कि उनके खेत खलिहानों के ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट के मेन तार गुजरने से उन्हें पूर्व में भी नुकसान का सामना करना पड़ा है। बावजूद पुलिस प्रशासन व विभागीय अधिकारी गंभीर नहीं हुए। बुधवार की सुबह एएसआई अजय कुमार ने किसानों से इस घटना की लिखित आवेदन लिया है।