मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र का हैदरनगर के बभंडी पंचायत सचिवालय में जागरुकता अभियान 22 मई को सुबह 10 बजे से आयोजित है। इस आशय की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार रजक ने दी। उन्होंने बताया कि जनजागरूकता अभियान का यह कार्यक्रम 22 मई को हैदरनगर के बभंडी पंचायत भवन में आयोजित है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी विभाग के कर्मचारियों व पदाधिकारियों समेत मुखिया, पंचायत स्वयं सेवक, सहिया व आंगनबाड़ी सेविका को भी सूचना दे दी गई है। मुख्यमंत्री जनसंवाद के जिला समन्वयक श्याम किशोर पाठक ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देने के साथ ही लोगों को जनसंवाद के कार्यकलापों तथा उसकी महत्ता के बारे में बताया जाएगा। उन्हें इस बात की जानकारी दी जानी है कि वे मुखर होकर अपनी समस्याओं के बारे में बात करें। जागरूकता अभियान के इस कार्यक्रम में आम लोगों के साथ रांची जनसंवाद केंद्र के पदाधिकारी सरकारी योजनाओं के जानकार, विशेषज्ञ, मुखिया तथा पंचायती राज के अन्य सभी प्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल होंगे।