बरवाडीह के मंगरा में रेल लाइन पर पड़ा शव।
भास्कर न्यूज | बरवाडीह
शुक्रवार को बरकाकाना-डालटनगंज रेलखंड के बरवाडीह व मंगरा रेल लाइन के बीच खुरा बस्ती के पास रांची-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई, जिसकी पहचान हैदरनगर थाना क्षेत्र के नावाडीह ग्राम निवासी जयराम पाल के रूप में की गई है। ट्रेन से गिरने से यात्री की मौत की जानकारी पीडब्ल्यूआई कर्मी को पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान हुई, जिसके बाद रेलकर्मी ने मामले की जानकारी अपने अधिकारी को दी, परंतु घटना की सूचना के बाद भी रेलवे अधिकारी हरकत में नहीं आए। नतीजतन, रेल लाइन से शव नहीं हटाए जाने के कारण शुक्रवार की सुबह नौ बजे तक ट्रेनों का लगातार परिचालन होने से शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बरवाडीह थाना प्रभारी रतन सिंह ने शव को देख नाराजगी जताते हुए स्टेशन मास्टर को उक्त लाइन में ट्रेन नहीं चलाने का आग्रह किया, ताकि शव और क्षत-विक्षत न हो। इसके बाद थाना प्रभारी और जवानों ने उक्त लाइन में आ रही ट्रेन को इमरजेंसी सिग्नल देकर रुकवाया और फिर शव को हटाया जा सका। सूचना मिलने के बाद भी आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।