बिना स्वीकृति हो रहा था दंगल, पुलिस ने रुकवाया
हलैना | हलैना में कुश्ती दंगल के बीच पहुंची पुलिस ने धारा 144 का हवाला देकर स्वीकृति की जानकारी ली तो आयोजकों को बीच में ही कुश्ती दंगल बंद कराना पड़ा।
क्योंकि सक्षम अधिकारी से उक्त आयोजन की स्वीकृति नहीं ली गई थी। श्री बिहारी जी महाराज के तीन दिवसीय रथयात्रा मेला में मंगलवार को तालाब किनारे कुश्ती दंगल चल रहा था। मेला सचिव ने कहा कि 100 रुपए तक की कुश्ती हो रही थी। तभी एक पुलिसकर्मी पहुंचा जिसने जिले में धारा 144 का हवाला देते हुए एक पत्र दिया जिसमें लिखा था कि दंगल की अनुमति नहीं होने से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद बीच में ही दंगल रोक दिया। इस संदर्भ में एसएचओ विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस दंगल बंद कराने नहीं, बल्कि अनुमति की जानकारी लेने गई थी।