प्रोसेस हाउस के मैनेजर को श्रमिक ने पीटा
भीलवाड़ा| प्रोसेस हाउस के टेक्निकल मैनेजर व उसके साथी को हमीरगढ़ ग्रोथ सेंटर में एक श्रमिक व उसके साथियों ने पीट दिया। हमीरगढ़ पुलिस ने श्रमिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि भीलवाड़ा निवासी शंकरलाल शर्मा हमीरगढ़ ग्रोथ सेंटर में एक प्रोसेस हाउस में टेक्नीकल मैनेजर है। शर्मा व उसका साथी नरेश यादव गुरुवार रात कार से घर लौट रहे थे। ग्रोथ सेंटर में ही खैराबाद निवासी किशनलाल नायक व उसके 6-7 साथियों ने इनसे मारपीट करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। एसएचओ ने बताया कि दो दिन पहले प्रोसेस हाउस के संचालक मुकेश कुमार ने किशन को थप्पड़ मार दी थी। श्रमिक ने इसी बात का बदला लिया है। रिपोर्ट में टेक्निकल मैनेजर ने गले से सोने की चेन ले जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने देर रात किशन को गिरफ्तार कर लिया।