पंचायतों को जबरन आईआरडीपी मुक्त करने का होगा विरोध
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कई पंचायतों को जबरन आईआरडीपी मुक्त किए जाने को गरीब आदमी के हितों से खिलवाड़ करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कई विधवाएं जिनकी आय का कोई साधन नहीं है उनके नाम भी आईआरडीपी से काट दिए गए हैं।
सरकार की इस कार्रवाई का डटकर विरोध किया जाएगा। राणा गवारडू पंचायत के कुसाड़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस गांव को पटनौण से कुसाड तक सड़क से जोड़ने के लिए पहले ही करोड़ों की राशि खर्च की जा चुकी है और अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए दस लाख की अतिरिक्त राशि जारी की जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायत कोट के गांव लौंगणी में भी लिंक रोड के लिए एक लाख की राशि प्रदान की। राणा ने ग्राम पंचायत जोललंबरी के काम सोड़ में कुश्ती मेला में भी शिरकत की और मेला कमेटी को अपने ऐच्छिक निधि से तीन हजार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एजेंडा हमेशा गरीब आदमी की सेवा करना और गांवों का विकास करना रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने गरीब आदमी के कल्याण को प्राथमिकता दी थी। भाजपा सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है। सुजानपुर के कुसाड़ गांव में खस्ताहाल कमरे में बडी मुश्किल से जिंदगी बसर कर रहे एक गरीब बुजुर्ग दंपत्ति को विधायक राजेंद्र ने आर्थिक मदद दी है। इस दंपत्ति के पास न तो कोई जमीन है और न ही बीमारी के उपचार के लिए पैसे हैं।