डीसी ऑफिस में अब सिर्फ सरकारी वाहन होंगे खड़े
अगर आप डीसी ऑफिस परिसर में सरकारी गाड़ियों को खड़ा करने के लिए चिन्हित की गई जगह पर दोपहिया या चौपहिया वाहन पार्क करते हैं तो यह आपके लिए महंगा पड़ सकता है। ऐसे पार्क किए गए वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस अब शिकंजा कसेगी। रोजाना इन वाहनों के चालान काटे जाएंगे। इसकी शुरुआत शुक्रवार से हो गई है, पहले ही दिन आधा दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए है। पास के पार्किंग प्लेस के अलावा अगर और कहीं आसपास वाहन खड़ा किया तो चालान थमा दिया जाएगा। प्रशासन ने इसे लेकर सख्ती का रवैया शुरू कर दिया है। डीसी ऑफिस परिसर में सिर्फ सरकारी गाड़ियों को खड़ा करने की ही परमिशन है, यहां निजी वाहन खड़े नहीं किए जा सकते। इसका सूचना बोर्ड भी लगाया गया है, लेकिन कई लोग दो पहिया और चौपहिया वाहन यहां सुबह ही खड़े कर देते हैं, जिस वजह से अफसरों की गाड़ियां खड़ी नहीं हो पा रही हैं। इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस को अब प्रशासन की ओर से कड़े निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे वाहनों के चालान करके इन्हें वहां से हटाया जाए। इसे लेकर शुक्रवार को आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए है। बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। साथ की पार्किंग में लोग वाहन खड़ा कर सकते हैं।
लिस्ट वाले वाहन ही होंगे पार्क : प्रशासन ने डीसी ऑफिस परिसर में उन्हीं वाहनों को खड़ा करने की परमिशन दी है, जिनकी लिस्ट बनाई गई है। यह वाहन उन लोगों के हैं जो डीसी ऑफिस परिसर में विभिन्न विभागों में कार्यरत स्टाफ है। लिस्ट वहां तैनात होमगार्ड जवानों को दी गई है ताकि वो इस पर चेक रखें। कोई भी बाहरी वाहन वहां खड़ा होता है, तो उसका चालान कटेगा। परिसर में काम करवाने आने वाले लोग अपने वाहनों को बाहर ही खड़ा करके चले जाते हैं। 10-20 रुपए बचाने के चक्कर में पास की पार्किंग में लोग इन्हें खड़ा नहीं करते हैं, जिससे दिक्कतें आ रही है।
प्रशासनिक गाड़ियों की जगह वाहन खड़ा करना पड़ेगा महंगा, काटे जाएंगे चालान
डीसी ऑफिस में बिना परिमशन वाले खड़े किए वाहनों का चालान काटती पुलिस।