- Hindi News
- National
- जाहू में बन सकती है तीन किलोमीटर की हवाई पट्टी, यहां फॉग की भी समस्या नहीं
जाहू में बन सकती है तीन किलोमीटर की हवाई पट्टी, यहां फॉग की भी समस्या नहीं
प्रदेश में हवाई अड्डा बनाने के मुद्दे पर अब जाहू का नाम सामने आ गया है। मंडी, हमीरपुर व बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीच में स्थित यह जगह राजनीतिक तौर पर भी सभी की पसंद बन सकती है। पूर्व में मंडी जिला में नेर ढांगू, घोघरधार सहित अन्य क्षेत्रों में भी हवाई अड्डा बनाने की राजनीतिक घोषणाएं हो चुकी है। अब इसमें नया नाम जाहू का भी जुड़ गया है। इस मुद्दे को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर संयुक्त रूप से पीएम के सामने मजबूती के साथ रखेंगे। जिससे की प्रदेश को बड़ा हवाई अड्डा स्थापित किया जा सके।
सामरिक दृष्टि से जाहू व मंडी जिला के डली में लगभग 3 किमी लंबी हवाई पट्टी बनाने की पूरी संभावना नजर आ रही है। यहां पर हवाई अड्डा के लिए केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय की टीम को भी यह जगह सबसे उपयुक्त लगी है। न तो यहां पर फॉग की समस्या है और न ही कोई अन्य रुकावटें हैं। हवाई अड्डा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि यह स्थान न सिर्फ मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों का केंद्र बिंदू है बल्कि यहां से अन्य स्थानों की दूरी भी सबसे कम है। इस लिहाज से यहां पर हवाई अड्डा बनाने की पूरी संभावना बन गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देश व दुनिया तेजी से बढ़ रही है। संसार में किसी के पास भी समय नहीं है। इसी को लेकर केंद्र सरकार हवाई सेवाओं पर ज्यादा फोकस कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर हवाई अड्डे की कवायद रंग लाई तो प्रदेश के पर्यटन में पंख लग जाएंगे। साथ ही रोहतांग, मनाली, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर जिला में पर्यटन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। हवाई अड्डे को लेकर तीनों विधानसभा क्षेत्र के सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मंडी जिला के सांसद रामस्वरूप शर्मा, हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर इसे लेकर प्रयासरत हैं। इसे लेकर पीएमओ व नागरिक उड्डयन मंत्रालय में पूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जाहू व मंडी जिला के डली में हवाई अड्डा बनाने को चयनित जमीन।
नागरिक उड्डयन विभाग की टीम को उपयुक्त लगा है ये स्थान
स्थानीय विधायक कर्नल इंद्र सिंह न सिर्फ एमटेक इंजीनियर रहे हैं बल्कि वह वायु सेना के राडार इंजीनियर भी रहे हैं। पूर्व सरकार के दौरान उन्होंने सबसे पहले नेर ढांगू में प्रस्तावित हवाई अड्डे का यह कहकर विरोध किया था कि वहां पर धुंध (फॉग) है। फॉग में कभी भी हवाई अड्डा कामयाब नहीं हो सकता। सबसे पहले अपने विधानसभा क्षेत्र के साथ लगते हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के जाहू व डली के खाली पड़ी मीलों लंबी समतल भूमि को सबसे उपयुक्त स्थान सुझाया था। केंद्रीय नागरिक उड्डयन विभाग की टीम को भी यही सबसे उपयुक्त स्थान लगा है। केंद्र के निर्देश पर प्रदेश सरकार मिलकर हवाई अड्डे में कितनी सरकारी भूमि है इसे लेकर राजस्व विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। हवाई अड्डा तीन विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
हवाई अड्डा बनाने के प्रयास केंद्र सरकार ने तेज कर दिए
सरकाघाट के दौरे पर आए सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि डली व हमीरपुर जिला के जाहू में हवाई अड्डा बनाने के प्रयास केंद्र सरकार ने तेज कर दिए हैं। केंद्र के अधिकारियों व प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने इस स्थान को सबसे उपयुक्त माना है। यहां पर हवाई अड्डा बनाने को लेकर प्रदेश सरकार ने सरकारी भूमि की पैमाइश भी शुरू करवा दी है। प्रदेश में नया हवाई अड्डा बनाए जाने के लिए नागरिक एवं उड्डयन मंत्रालय द्वारा प्रयास शुरू कर दिए हैं।