बाल सीनियर सेकंडरी स्कूल हमीरपुर में शुक्रवार को प्रिंसिपल मंजू ठाकुर की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय छात्र संसद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें चली संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच कई बड़े मुद्दों पर बहस हुई, कई सवालों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरा, तो कई मुद्दों पर विपक्ष ने संसद का वॉकआउट किया। वहीं इस संसद के बहाने विपक्ष की भूमिका निभाने वाले प्रतिभागी स्टूडेंट्स ने सरकार से कर्मचारियों, अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों पर सवाल किया कि उनके बच्चे सरकारी स्कूलों में क्यों नहीं पढ़ते। सरकार जिनके वेतन और सुविधाओं पर अरबों रुपए हर साल खर्च करती, उनको बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ाने का एक आदेश पारित करने से गुरेज क्यों कर रही, उनके बच्चों का इन स्कूलों से दूरी बनाए रखने से ही इनकी उपेक्षा होती जा रही और शिक्षा का व्यापारीकरण बढ़ रहा है।
प्रिंसिपल मंजू ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के 16 स्कूलों ने हिस्सा लिया। इनमें सीनियर सेकंडरी स्कूल कक्कड़ियार, अमरोह, झगड़ियाणी, कुठेड़ा, बाल स्कूल हमीरपुर, गर्ल्स स्कूल हमीरपुर, नाल्टी, ऊहल, बलोह, मटाहणी, टौणीदेवी, लंबलू, ऊटपुर, बौहणी, बलाेह और हाई स्कूल सासन के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इनमें से जो विजेता रहेंगे, उनको स्टेट लेबल पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।