- Hindi News
- National
- ठेके के विरोध के बावजूद रात को रख दीं शराब की पेटियां, लोगों का हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
ठेके के विरोध के बावजूद रात को रख दीं शराब की पेटियां, लोगों का हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
उखली पंचायत के गौटा गांव में खुल रहे शराब के ठेके के विरोध में लोग और पंचायत खुलकर सामने आ गए हैं। लोगों को साफ कहना है कि इसके पास मंदिर है और एक सत्संग घर बना हुआ है। इसको किसी भी कीमत पर इस स्थान पर सहन नहीं किया जाएगा। जबकि संबंधित ठेकेदार ने लोगों की परवाह न करते हुए मंगलवार रात को चुपके से ठेके के लिए ली दुकान के अंदर कुछ शराब की पेटियां रखा दी हैं। जिसकी भनक लगते ही पंचायत के दो-तीन महिला मंडलों की सदस्यों सहित गांव के लोग और पंचायत के नुमांइदे भी खुलकर इसके विरोध के उतर आए। हंगामा बढ़ता देख पंचायत प्रधान सुशील ठाकुर को मौके पर पुलिस बुलाकर गर्माए माहौल को शांत करना पड़ा।
पुलिस के समझने पर भी जब लोग नहीं समझे तो मौके पर तहसीलदार मित्र देव को भी पहुंचना पड़ा। उन्होंने मामले को शांत करवाया और कहा कि इस ठेके को यहां से अन्य जगह शिफ्ट करने के लिए हर शीघ्र कदम उठाएंगे। जिस लोगों ने कहा कि यहां रखी शराब की पेटियों को अभी यहां से हटाया जाए। लेकिन लोगों को मनाया गया कि जो अंदर रख दीं गई हैं। उनको तुरंत नहीं उठाया जा सकता, लेकिन दो दिन के भीतर इन्हें उठा लिया जाएगा।
पंचायत में नहीं करेंगे सहन
उधर पंचायत प्रधान सुशील कुमार ने कहा कि उपप्रधान रमन कुमार, वार्ड पंच जमना देवी सहित अन्य वार्ड पंच भी लोगों के साथ यहां ठेके का विरोध करने पहुंचे थे। यहां मंदिर और सत्संग घर पास ही यहां शराब कैसे बिकने दी जाए। पहले तो लोग इसे अन्य जगह शिफ्ट करने के लिए मान गए थे। लेकिन अब सभी का कहना है कि इसे इस पंचायत में सहन ही नहीं किया जाएगा। इसके लिए चाहे हमें उग्र आंदोलन क्यों न करना पड़े। अगर प्रशासन ने दो दिन के भीतर यहां रखी शराब की पेटियां को नहीं हटाया गया तो लोग उग्र धरना प्रदर्शन करने से परहेज नहीं करेंगे। पंचायत को भी अब लोगों को समझाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने डीसी से इस मामले का स्थाई समाधान करवाने की गुहार लगाई है।