मनरेगा का 120 दिन का प्लान तैयार हो
केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं। यह बात सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को हमीर भवन में जिला विकास समन्वयक एवं सतर्कता कमेटी की त्रैमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं आरंभ की गई हैं तथा इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित करना अत्यंत जरूरी है। मनरेगा के तहत सभी पंचायतों में पात्र लोगों को 120दिन का रोजगार सुनिश्चित करने का प्लान तैयार किया जाए।
पेयजल संकट पर कारगर कदम उठाएं
इस दौरान डीसी ऋचा वर्मा ने जिला में केंद्र प्रायोजित स्कीमों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। अनुराग ने कहा कि लोकमित्र केंद्रों को सुदृढ़ करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं। आईपीएच विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मियों में किसी भी स्तर पर पेयजल संकट न हो, इसके लिए कारगर कदम उठाए जाएं तथा खराब हैंडपंपों की भी मरम्मत सुनिश्चित की जाए। स्कूलों में वर्षा जल संग्रहण टैंक निर्मित करने के लिए भी उचित कदम उठाने के दिशा निर्देश दिए और रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए कहा गया ।