बिलासपुर व सोलन जिला की सीमा पर शालूघाट के जंगल में सोमवार को लगी आग ने सड़क किनारे खड़े कई ट्रकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से एक ट्रक जहां पूरी तरह से जलकर राख हो गया, वहीं 3 अन्य ट्रकों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा से ढुलान करने वाले कई ट्रक शालूघाट के पास सड़क के किनारे खड़े किए गए थे। सोमवार सुबह शालूघाट के जंगल में लगी आग सड़क तक भी पहुंच गई। इस दौरान चली तेज हवा ने एक तरह से बारूद जैसा काम किया। इससे सड़क किनारे खड़े ट्रक भी आग की चपेट में आ गए। हालांकि स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई, लेकिन तब तक एक ट्रक पूरी तरह से जल चुका था, जबकि 3 अन्य ट्रकों का भी जोरदार नुकसान हो गया। प्रभावित ट्रक ऑपरेटरों ने सरकार व प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
गौशाला में जला मवेशी
हमीरपुर | भोरंज ब्लॉक के बिरड़ी बलोह गांव में एक गौशाला में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार कर्म चंद पुत्र दयालु राम की गौशाला में अचानक आग लग गई, जिस कारण गौशाला में बंधी भैंस का एक तरफ का शरीर जल गया। जबकि अंदर रखा घास व इमारती लकड़ी भी जल गई है। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया है।
जंगल में आग बुझाते समय पांव फिसलने से झुलस कर वृद्ध की मौत : धर्मशाला | जिला कांगड़ा के फतेहपुर में जंगल में लगी आग को बुझाते बुजुर्ग व्यक्ति की पांव फिसलने से आग से जुलूस कर मौत हो गई। सोमवार को बाड़ी निवासी 90 वर्षीय जगत राम सरकार द्वारा पट्टे पर दी गई जमीन पर लगी आग को बुझाने की कोशिश कर रहा था। जगत राम की यह जमीन जंगल के साथ लगती है। जंगल में लगी आग ने जगत राम की जमीन को भी चपेट में ले लिया। जिसके चलते जगत राम आग को बुझाने का प्रयास कर रहा था अचानक उसका पांव फिसल गया और वह जलती आग में जा गिरा। जिस कारण उसकी झुलसने से मौत हो गई। बाड़ी में घटित इस घटना की जानकारी पंचायत प्रधान ने पुलिस काे दी जिस पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने जंगल में जले हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर सिविल हॉस्पिटल भिजवाया। डीएसपी ज्वाली मेघनाथ चौहान ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक पूरी तरह झुलस गया था तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।