जिला में भू-इंतकाल के लंबित मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा ताकि लोगों को समय पर बेहतर सेवाएं मिल सकें। यह बात डीसी डाॅ. ऋचा वर्मा सोमवार को राजस्व विभाग की त्रैमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग का रिकार्ड पूर्णत: कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है ताकि लोगों को राजस्व कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि इंतकाल, निशानदेही, अवैध कब्जों, पार्टीशन, बसीयतनामों, पटवार सर्कलों के भवनों के निर्माण को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जा रही है तथा सभी पटवार सर्किल्स में चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ ही पटवारियों को आईटी का प्रशिक्षण देने के लिए प्लान तैयार किया गया।
वर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ई-समाधान के तहत प्राप्त शिकायतों का भी तय समय में समाधान सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त कदम उठाए जाएं। जिला के विभिन्न स्थानों पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए भी एसडीएम को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके ट्रैफिक प्रबंधन प्लान तैयार करना जरूरी है ताकि जिला में किसी भी स्तर पर वाहनों की आवाजाही में दिक्कत नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।