नगर परिषद सुजानपुर के गारबेज फेंकने का विरोध अब हमीरपुर तक पहुंच गया है। वीरवार को नजदीकी बजूरी पंचायत के ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों सहित गारबेज लेकर पहुंचे वाहनों को रोककर विरोध जताया और साफ कहा है कि सुजानपुर के कूड़े को इस पंचायत के दगनेड़ी में फेंकने का विरोध जारी रहेगा। एसडीएम हमीरपुर पुलिस सहित मौके पर पहुंचे और विरोध जता रहे लोगों से बात की। अब सोमवार को ग्रामीण अपनी मांगों को डीसी के सामने रखेंगे, उनका वहीं से हल हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि सुजानपुर के चौगान में जहां नगर परिषद ने डंपिंग साइट बना रखी थी, वहीं एक तरफ शहर के कूड़े को आग के हवाले भी किया जा रहा था। इसको लेकर सबसे पहले भास्कर ने मामला उजागर किया तो गारबेज ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर माथापच्ची शुरू हुई थी। उसके बाद सुजानपुर के साथ लगते बगेहड़ा गांव के ग्रामीणों ने वहां ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का विरोध किया तो उसके बाद भलेठ व दाड़ला पंचायत के लोगों ने प्रधान जगन्न कटोच की अगुवाई में उनकी पंचायत में गारबेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का विरोध किया था। प्रशासन के आदेशों के बाद बजूरी पंचायत में बनाया ट्रीटमेंट प्लांट में सुजानपुर से वाहनों में भर कर शहर के कूड़े को ठिकाने लगाया जा रहा है।
बजूरी पंचायत के पास सुजानपुर नगर परिषद की ओर से भेजे जा रहे कूड़े का विरोध करते लोग।