घटिया निर्माण से जुगरिया-आदमपुर पुलिया के दिखने लगे पाइप, दुर्घटना की आशंका
तहसील के जुगरिया और आदमपुर के बीच पुलिया का निर्माण ग्रामीणों की सुविधा के लिए किया जा रहा है लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण करने से पुलिया के पाइप बाहर निकल आए हैं। ये अभी से दिखाई देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पाइप पर फिर से सीमेंटीकरण किया जाए। पाइप दिखने के कारण वाहन चालकों को पुलिया पार करने में परेशानी आ रही है। वहीं चार पहिया वाहन चालकों के निकलते समय तो हादसे का डर लगा रहता है। खेतों में जाने के लिए किसान इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण देवीलाल गारू ने बताया बारिश के दिनों में इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाता है। मार्ग से आदमपुर, भुन्नास, नांदरा से होते हुए छीपानेर तक लोग जाते हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से पुलिया बनाने की मांग की है। ग्रामीण बलराम जाट, राहुल पटेल, सुनील जाट, रामनिवास जाट का कहना है शायद जिम्मेदार किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं। तब जाकर जागेंगे। समस्या का समाधान नहीं किया तो प्रदर्शन किया जाएगा।