पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कार्यालय खुलवाने को लेकर भिड़े रिंकू सैनी और हड़ताली कर्मचारी

कार्यालय खुलवाने को लेकर भिड़े रिंकू सैनी और हड़ताली कर्मचारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हड़ताल के दौरान कार्यालय खोलने के लेकर नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी और नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान रमेश कुमार आमने-सामने हो गए। प्रधान का कहना है कि चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने उन्हें हड़ताल खत्म होने के बाद देख लेने की धमकी दी। धमकी के बाद हड़ताली कर्मचारी इकट्ठे होकर पुलिस चौकी में गए और रिंकू सैनी के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में सैनी पर जान से मारने की धमकी देने व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। कर्मचारी नेताओं ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की।

कर्मचारी सुबह परिषद कार्यालय में धरना लगाने के लिए पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे परिषद कार्यालय के बाहर धरना लगाया। कार्यालय के दोनों मुख्य गेट बंद रहे। इस दौरान पहले सिटी थाना के एसआई विक्रम जोसन पहुंचे और गेट खुलवाने के लिए कहा। कर्मचारी नेताओं ने जवाब दिया कि ताला उन्होंने नहीं लगाया है। ताला परिषद के कर्मचारियों ने लगाया है, जो यहां की देखभाल करते हैं। चाबी उन्हीं के पास होगी, गेट खुलवा सकते हैं।

तभी चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी वहां पहुंचे। उन्होंने गेट खोलने को कहा। इस पर कर्मचारी नेताओं व सैनी में तनातनी हो गई। दोनों में बहसबाजी शुरू हो गई। धरने पर बैठी महिलाएं गुस्सा उठी और गेट न खोलने देने की बात पर अड़ गई। कर्मचारी नेताओं ने महिलाओं को बिठा कर शांत करवाया। सैनी की कर्मचारी नेता सुरेंद्र यादव, ऋषिकेष ढांडा व नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान रमेश की सैनी के साथ गरमागरमी हुई।

रमेश कुमार का कहना है कि सैनी ने एसआई विक्रम जोसन के सामने उन्हें धमकी दी और साफ कहा कि हड़ताल खत्म होने के बाद देखेंगे। दोपहर बारह बजे कर्मचारी नेता एकत्रित होकर किला बाजार पुलिस चौकी में पहुंचे और नगर परिषद कर्मचारी संघ के लैटर पैड पर पुलिस को शिकायत दी।

रिंकू सैनी के खिलाफ किला बाजार पुलिस चौकी में शिकायत देते कर्मचारी नेता।

कर्मचारियों को कर रहे बदनाम: कर्मचारी नेता

सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान सुरेंद्र यादव व सचिव ऋषिकेश ढांडा ने कहा कि रिंकू सैनी ने परिषद के दोनों गेटों को ताला लगवाया है। हड़ताल तोड़ने के लिए कर्मचारियों को धमका रहे हैं। गेट खोले जाने के बाद भी परिषद कार्यालय में कोई भी कर्मचारी काम पर नहीं आया। जानबूझ कर कर्मचारी नेताओं को बदनाम किया जा रहा है और मुकदमे दर्ज करवाने की साजिश रची जा रही है।

सुमन शर्मा और गोबिंद सिंगला ने समर्थन दिया

धरने पर पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुमन शर्मा पहुंचे और हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने 5100 रुपये की सहयोग राशि भी कर्मचारियों को दी। वहीं पूर्व पार्षद गोबिंद सिंगला भी मौके पर पहुंचे और धरने को समर्थन दिया।

विवाद के दौरान खुल गए दोनों मेन गेट

रिंकू सैनी और कर्मचारी नेताओं के बीच गरमागरमी के बाद परिषद कार्यालय के दोनों मेन गेट खोल दिए गए। हालांकि परिषद के अंदर के कार्यालयों पर ताले लटके रहे। गेट खुलने के बाद दो पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया।

सैनी के खिलाफ शिकायत मिली है: आईओ

परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी के खिलाफ शिकायत मिली है। सिटी थाना के एसएचओ को जानकारी दे दी गई है। दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की जाएगी।’’ -जोगिंद्र सिंह, आईओ

ताला खुलवाने का कहा था ताकि काम न हो बाधित

परिषद कार्यालय को खोलने के लिए कर्मचारी नेताओं व परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी के बीच में मंगलवार को भी हॉट टाक हुई थी। सैनी ने कहा था कि वह बुधवार को परिषद कार्यालय खुलवाएंगे, क्योंकि लोगों के काम बाधित हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...