- Hindi News
- National
- ‘कर्नाटक चुनाव परिणाम का लोकसभा और विधानसभा चुनाव में नहीं होगा कोई असर’
‘कर्नाटक चुनाव परिणाम का लोकसभा और विधानसभा चुनाव में नहीं होगा कोई असर’
कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणामों का लोकसभा व हरियाणा विधानसभा चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। किसी भी प्रदेश में विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय मुद्दे हावी होते हैं। सच्चाई ये है कि केंद्र की भाजपा सरकार से लोगों का मोह भंग हो चुका है।
बिश्नोई हांसी दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जब भी हिसार आते हैं, विकास कार्यों की घोषणाएं करके चले जाते हैं। उनके द्वारा की गई घोषणाएं पूरी करने के प्रति उनकी सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हिसार जिले में अभी तक कुल 397 घोषणाएं की हैं, जिनमें से 24 घोषणाएं नोट अप्रूव्ड तथा 14 घोषणाएं फिजिबल नहीं है। चार घोषणाएं अप्रूवल के लिए सीएमओ भेजी गई। 75 घोषणाएं ऐसी हैं जिन पर अभी तक काम भी शुरू नहीं हो सका, जिसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट निर्माण, डेयरी शिफ्टिंग, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, बालसमंद में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि हिसार ही नहीं अन्य जिलों में भी मुख्यमंत्री की घोषणाओं का यही हाल है। मुख्यमंत्री द्वारा गोद लिए गए गांव क्योड़क में उन्होंने 2015 में कोटी कूट तीर्थ के जीर्णोद्घार की घोषणा की थी, जिस पर अभी तक काम शुरू भी नहीं हुआ। उनकी मुख्यमंत्री से गुजारिश है कि हिसार में रोड शो करने से पहले अपनी अधूरी घोषणाओं को पूरा करवाएं। झूठी घोषणाओं, तथ्यहीन दावों तथा झूठे प्रचार से न तो हिसार का विकास होगा और न ही प्रदेश के अन्य जिलों का। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश देते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में ज्यादा समय नहीं रह गया है। इसलिए आप लोग बूथ स्तर पर पार्टी की और ज्यादा मजबूती के लिए जुट जाएं।
इस अवसर पर रणधीर पनिहार, राहुल मक्कड़, कैलाश मंडावरिया, महेंद्र घोड़ेला, सुरेंद्र मक्कड़, नरेश जांगड़ा, पृथ्वी चैनत, राजू बतरा, बंटी नागपाल, सीटू मुंजाल, कुक्कू सरदार, देसराज सरपंच, मनोज बूरा आदि उनके साथ थे।
हांसी दौरे के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते कुलदीप बिश्नोई।