5 स्थानों पर लगी आग, पूरे दिन दौड़ती रहीं दमकल गाड़ियां
तेज हवाओं के चलते इलाके के पांच स्थानों पर 19 एकड़ खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल आग का शिकार हो गई। दमकल विभाग की गाडिय़ां पूरे दिन आग बुझाने के लिए दौड़ती रही। महजद में खेतों में आग लगने से डेढ़ एकड़ खेत में तैयार गेहूं व 15 एकड़ में तूड़ी जलकर राख हो गई। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पुरजोर प्रयास किए। ट्रैक्टर के माध्यम से, मिट्टी फेंक कर व नीम की झाड़ियों से आग बुझाने की कोशिश की। करीब डेढ़ घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया।
महजद सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान चहल ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका पता नहीं लग पाया। सुबह राजकुमार, सुभाष व तीन अन्य खेत के किसानों के खेतों रखी तूड़ी में आग लग गई। जिससे साथ में तैयार खड़ी फसल में भी आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए।
दमकल विभाग की गाडिय़ां पहुंचती, उससे पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सात ट्रैक्टरों द्वारा तूड़ी को अलग किया गया, ताकि आग और न फैले। वहीं कई ग्रामीणों ने फसल पर मिट्टी फेंकी व नीम की झाड़ियां मारी। ग्रामीणों के प्रयास व दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने से पांच किसानों की तूड़ी व फसल जलकर राख हो गई।
जग्गा बाड़ा में डिग्गी के पास खेतों में खड़ी गेहूं में आग लगी। यहां कश्मीर सिंह व सूबे सिंह के दो एकड़ खेतों में खड़ी फसल में आग लगने से नुकसान हुआ। सोरखी में कुंगड़ रोड पर गेहूं के खेतों में आग लगी। भैणी जाटान के खेतों में मंडिया की तीन एकड़, बलजीत की दो एकड़, रामपाल व सुभाष चार एकड़, राजा व बलजीत के तीन एकड़, महासिंह के डेढ़ एकड़ खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगने से फसल जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण मालूम नहीं हो सका। यहां दमकल की दो गाड़ियों को दो घंटे आग बुझाने में लगे।
देर शाम उमरा से रतेरा रोड में डेढ़ एकड़ में खड़ी गेहूं में आग लगी। यहां शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया जा रहा है।