पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हड़ताली कर्मी और चेयरपर्सन प्रतिनिधि उलझे पहले दफ्तर खोलने को माने, बाद में किया मना

हड़ताली कर्मी और चेयरपर्सन प्रतिनिधि उलझे पहले दफ्तर खोलने को माने, बाद में किया मना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हड़ताल को लेकर मंगलवार को कर्मचारी और नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि आपस में उलझ पड़े। चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी एक काम के लिए परिषद कार्यालय खुलवाना चाहते थे। कर्मचारियों ने थोड़ी देर के लिए कार्यालय खोलने पर सहमति जता दी। जिस पर सैनी बोले कि एक सप्ताह से परिषद में कामकाज ठप है। लोगों के काम नहीं हो रहे। वे बुधवार को परिषद कार्यालय खुलवाएंगे। कर्मचारी इस पर भड़क गए और सैनी को चुनौती दी कि जो मर्जी कर लेना, कार्यालय नहीं खुलेंगे। दोनों तरफ की बहसबाजी के बीच कर्मचारियों ने थोड़ी देर के लिए भी कार्यालय खोलने से साफ इनकार कर दिया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ व अग्निशमन संघ के कर्मचारी मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते परिषद के अन्य कर्मचारी भी काम पर नहीं आ रहे। कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में ही हड़ताल पर बैठे हैं। हड़ताल के चलते परिषद की सभी शाखाओं के कार्यालयों को ताले लगे हुए हैं। इससे कार्यालय के साथ साथ लोगों के भी तरह तरह के कार्य बाधित हो रहे हैं। मंगलवार सुबह चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी परिषद में पहुंचे और हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से कहा कि एक कर्मचारी ने रिटायर होना है। उसके वेतन व पेंशन संबंधित दस्तावेज तैयार करने हैं। कार्यालय 20 मिनट के लिए खोलने दें। हड़ताली कर्मचारी कुछ देर के लिए कार्यालय खोलने देने के लिए मान गए। बाद में सैनी बोले कि आज तक ही कार्यालय बंद होगा, कल से वे कार्यालय खुलवाएंगे। इस पर वहां बैठे कर्मचारी नेता गुस्सा गए और कहने लगे कि वह चाहे जो मर्जी कर लें, उनके यहां रहते कार्यालय नहीं खुलने देंगे। चाहे तो पुलिस को भी बुला लें। इस दौरान सैनी व कर्मचारी नेताओं में गर्मा-गर्मी हो गई। कर्मचारियों ने कार्यालय नहीं खुलने दिया, जिसके बाद सैनी जेब से सेलफोन निकाल कर किसी से बात करने लगे। पर कर्मियों ने कार्यालय नहीं खुलने दिया।

बहसबाजी के बीच कर्मचारियों ने थोड़ी देर के लिए भी कार्यालय खोलने से मना कर दिया।

नगर परिषद कार्यालय में हड़ताली कर्मचारियों से उलझने के बाद फोन पर बात करते चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी। समझाने पर भी कर्मचारी नहीं माने।

कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ऐसी हो गई है शहर की स्थिति।

कर्मचारियों ने रेस्ट हाउस से लेकर बाजारों तक निकाला जुलूस

नगर पालिका कर्मचारी संघ व अग्निशमन संघ के आह्वान पर हड़ताल के सातवें दिन कर्मचारियों ने रेस्ट हाउस से शहर के विभिन्न बाजारों में मशाल जुलूस निकाला। सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान सुरेंद्र यादव, ब्लॉक सचिव ऋषिकेश ढांडा, बलजीत सिंह व विनोद जांगड़ा की अध्यक्षता में मशाल जुलूस निकाल गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के सातवें दिन हरियाणा मिनिस्ट्रीयल स्टॉफ एसोसिएशन, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने हड़ताल का समर्थन किया।

कार्यालय खोलने के लिए समझाएंगे: रिंकू सैनी

एक कर्मचारी रिटायर हुआ था। रिटायरमेंट पर उसे चैक देना था। इसके लिए कार्यालय खुलवाने गया था। कर्मचारियों को कहा है कि बुधवार को कार्यालय खोलेंगे। इनकी हड़ताल से आम लोगों को परेशानी हो रही है। कार्यालय खोलने के लिए हड़ताली कर्मचारी नहीं माने तो उन्हें समझाएंगे। पूरा प्रयास रहेगा कि कार्यालय खुलवाए जाएं।’’ -रिंकू सैनी, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद

सुबह लेंगे कोई निर्णय : यादव

कर्मचारी कार्यालय खोलने के लिए नहीं आते हैं। बाकी बुधवार सुबह परिषद में जाकर कर्मचारियों के साथ बैठक कर निर्णय लेंगे कि कार्यालय खोलने देना है या नहीं।’’ -सुरेंद्र यादव, प्रधान, सर्व कर्मचारी संघ

खबरें और भी हैं...