पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज केस के मामले में एसडीएम को ज्ञापन देते युवा।
भास्कर न्यूज | हांसी
दलित बुजुर्ग महिला की पिटाई के आरोप में चार पुलिस कर्मचारियों पर केस दर्ज होने के मामले में शनिवार को युवाओं ने मोर्चा संभाला। एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर युवाओं ने कहा कि मामले में कुछ असामाजिक तत्व आए दिन धरना प्रदर्शन करके और बयानबाजी जारी कर भाईचारा का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
एसडीएम राजीव अहलावत को दिए ज्ञापन में युवकों ने कहा कि महिला द्वारा एक छात्रा से पर्स छीनने पर मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसकी पिटाई की गई थी। पुलिस ने महिला पर मामला भी दर्ज कर लिया। मगर कुछ लोगों ने पुलिस कर्मचारियों पर एससी-एसटी के तहत मामला दर्ज करवाने के लिए व पुलिस पर दबाव बनाने के लिए धरने प्रदर्शन का सहारा लिया।
युवाओं ने कहा कि मामले में कोई सच्चाई नहीं है। कुछ लोग अपना स्वार्थ सिद्ध करने के लिए तीन युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि शहर में नशे का कारोबार बढ़ रहा है। जो लोग नशे का कारोबार करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसडीएम ने उन्हें ज्ञापन मुख्यमंत्री मनोहर लाल तक भिजवाने का भरोसा दिया।