भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौहान की अगुवाई में मोर्चा के लिए प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिले। उन्होंने ओबीसी वर्ग में आने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। मोर्चा के नेताओं ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांग की कि जिस प्रकार से टेक्निकल एजुकेशन में एससी वर्ग को छूट मिलती है, उसी प्रकार से ओबीसी वर्ग को भी छूट मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा पिछड़ा वर्ग के लिए किए गए कार्यों की सराहना की और कहा कि पिछड़ा वर्ग पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ा है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि जो भी पंचायत दो एकड़ जमीन देगी, उनके गांव में व्यायामशाला और जिम खोलने का काम सरकार द्वारा किया जाएगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक कनौजिया, प्रदेश महामंत्री शंकर धूपड़, सुरेंद्र जांगड़ा, रघुनाथ तंवर, महेंद्र पाल तोमर, श्याम लाल जांगड़ा व प्रदेश मंत्री अशोक सैनी मौजूद रहे। एडवोकेट ताराचंद बघेल, सुनील खटाना, अमरजीत दांगी, जगदीश कश्यप सहित कई जिलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और मोर्चा के नेता मौजूद रहे।