पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जेसीबी पर चढ़कर महिलाकर्मी बोलीं, सफाई नहीं होने देंगे, हाथों में झाड़ू ले सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

जेसीबी पर चढ़कर महिलाकर्मी बोलीं, सफाई नहीं होने देंगे, हाथों में झाड़ू ले सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुलतान कॉलोनी चौक में कचरा प्वाइंट पर अधिकारियों और भाजपा नेताओं द्वारा सफाई कराने पर बवाल हो गया। मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सफाई नहीं होने दी। सफाई के दौरान महिला कर्मचारी प्रशासन और नगर परिषद द्वारा भेजी गई जेसीबी पर चढ़ गई। दो घंटे से अधिक समय तक हंगामा हुआ। सफाई कर्मचारियों ने रास्ता रोक दिया और अधिकारियों व भाजपा नेताओं के समक्ष सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सफाई के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयास से सुबह एक बैठक की गई। शहर में सफाई व्यवस्था के लिए नगर स्वच्छता मंच बनाया गया। मंच संयोजक संघ के हरीश मनोचा को बनाया गया। शाम पांच बजे मुलतान कॉलोनी चौक पर माता मंदिर के पास बने कचरा प्वाइंट से सफाई के लिए सभी एकत्रित हुए। हड़ताली कर्मचारी नेताओं व कर्मचारियों को इस बात की सूचना मिल गई। जिस पर सभी कर्मचारी एकत्रित हो कर मौके पर पहुंच गए। महिलाएं हाथों में डंडे और झाड़ू थे। कर्मचारियों ने आते ही नारेबाजी शुरू कर दी।

कर्मचारियों के विरोध को देख भाजपा नेता प्रवीन बंसल ने मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। जिस पर पांच गाड़ियों में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए नायब तहसीलदार रामचंद, सिटी थाना के एसआई विक्रम जोसन मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने हैलमेट, सेफ्टी जैकेट व हाथ में डंडे ले लिए। अधिकारियों द्वारा कर्मचारी नेताओं से बात की तो नेताओं ने कहा कि वह उनका विरोध कर रहे हैं, सफाई करने से नहीं रोकेंगे। जिस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने वहां पर सफाई शुरू करवाई। जेसीबी से कचरा उठाने का काम शुरू किया। जेसीबी से सफाई होता देख कर्मचारी भड़क गए और जेसीबी पर चढ़ गए। कर्मचारियों ने कहा कि जेसीबी मशीन से सफाई नहीं करने देंगे, अगर सफाई करनी है तो झाड़ू से करो। कर्मचारी नेताओं के साथ मंच के संयोजक हरीश मनोचा, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि विनोद सैनी, भाजपा नेताओं व संघ के कार्यकर्ताओं की कई देर तक बातचीत हुई।

कर्मचारी नेता सुरेंद्र यादव ने कहा कि आप लोग टकराव की स्थिति पैदा कर रहे हो। हड़ताल का समर्थन करो और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाओ। वह सफाई नहीं होने देंगे। भाजपा नेता प्रवीन बंसल पुलिस पीसीआर में चार झाड़ू, कस्सी, कट्‌टे लेकर आए। जिसे देख कर सफाई कर्मचारी फिर भड़क गए और कहा कि वह सफाई नहीं करने देंगे।

कचरा प्वाइंट पर कूड़ा उठाने आई जेसीबी के ऊपर चढ़ कर नारेबाजी करतीं महिला कर्मचारी।

सरकार हमारी मांगे पूरी करे: यादव

सरकार समाज को तोड़ रही है और भाई को भाई से लड़वा रही है। हम लोग सफाई को तैयार हैं, लेकिन हमारी मांगें पूरी होनी चाहिए। सरकार टकराव की स्थिति पैदा न करे। यह जो सफाई करने के लिए आए हैं, क्या यह रोज सफाई करेंगे। कानून हाथ में लिए बिना विरोध करेंगे। जो सामाजिक संगठन सफाई के लिए अब आगे आ रहे हैं, शहर में इतनी समस्याएं हैं, तब क्यों नहीं आगे आते।’’ -सुरेंद्र यादव, ब्लॉक प्रधान, सर्व कर्मचारी संघ।

लॉ एंड ऑर्डर बनाए के आदेश थे

एसडीएम से निर्देश मिले थे कि सफाई की जा रही है। इसलिए लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए यहां पहुंचे। सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर विवाद शांत कर दिया गया।’’ -रामचंद, नायब तहसीलदार कम ड्यूटी मजिस्ट्रेट।

खबरें और भी हैं...