प्रत्येक व्याधि का सर्वोत्तम उपचार है भागवत भक्ति। भागवत भगवान की भक्ति से ही मनुष्य के जीवन में आने वाली हर समस्या से मुक्ति पाई जा सकती है। यह बात पंचायती रामलीला मैदान में श्रीमद्भागवत सप्ताह में कथावाचक राघवेंद्र सरकार ने कही।
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह के चतुर्थ दिन गजेंद्र मोक्ष समुंद्र मंथन, वामन कृपा, मत्स्यावतर, श्रीराम चरित्र और कन्हैया लाल की जन्म कथा का प्रसंग रखा गया। गजेंद्र प्रसंग सुनाते हुए राघवेंद्र सरकार ने कहा कि गज और ग्राह लड़े जल भीतर, लड़त-लड़त गज हारा है। भगवान को जब भी विपति में याद किया जाता है, तो भक्तों की पुकार सुनकर भगवान को उसकी रक्षा के लिए आना ही पड़ता है। वामन अवतार की कथा का वृतांत सुनाते हुए उन्होंने कहा कि अहंकार दूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने दैत्यों के राजा प्रहलाद पुत्र बली के पास जाकर वामन अवतार लेकर तीन पैर जमीन मांगकर दो पैर में धरती और आकाश को नाप लिया और इस प्रकार बली का अहंकार दूर कर उसे मोक्ष प्रदान किया। राघवेंद्र सरकार ने भगवान श्रीराम के जन्म की कथा के साथ-साथ कृष्ण जन्मोत्सव की कथा का वृतांत सुनाते हुए कहा कि भगवान विष्णु ने कृष्ण के रूप में जन्म लेकर अनेक लीलाएं की।
कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। कृष्ण जन्मोत्सव पर पुष्पवर्षा करते हुए गुब्बारे फोड़े गए और मक्खन मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।
पंचायती रामलीला मैदान में श्रीमद्भागवत सप्ताह में कथावाचक राघवेंद्र सरकार ने दिए प्रवचन
पंचायती रामलीला मैदान में चल रही कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव मनाते आयोजक।
धार्मिक आयोजनों से धर्म लाभ के साथ बढ़ता है भाईचारा: पवार
हांसी | बजरंग सेवा समिति की ओर से कुंदनापुर में बालाजी जागरण का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री कृष्ण पवार थे। संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से धर्म लाभ मिलता है और भाईचारे का विकास होता है। बजरंग बली हनुमान तो सबकी बिगड़ी बनाने वाले हैं। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सदस्य अशोक सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि रिंकू सैनी ने अध्यक्षता की। ढाणा के पूर्व सरपंच राजेंद्र सांगवान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। सुरेंद्र सैनी ने तिलक अर्पण किया। जिला परिषद प्रतिनिधि मनोज राठी ने ज्योत प्रज्जवलित की। बेबी खुशबू, राजकुमार फौजी आदि कलाकारों ने पूरी रात समा बांधा और बालाजी आ जाना, बालाजी आ जाना भजनों से भक्तजनों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। बजरंग सेवा समिति के प्रधान मास्टर मुंशी राम ने बताया कि जागरण में बजरंग सेवा समिति का पूरे गांव के लोग सहयोग कर सेवा करते हैं।