खेल अकादमियों में चयन के लिए 26 तक जमा करा सकते हैं आवेदन
हनुमानगढ़. जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल अकादमियों में जाने का मौका मिलेगा। इसके लिए खिलाड़ी 26 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद 1 से 15 मई के बीच विभिन्न खेलों की प्रतिस्पर्धाओं होंगी। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद यह प्रतियोगिताएं जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में करवाएगा। चयन स्पर्धा में भाग लेने के लिए पात्र खिलाडियांे की आयु 1 जुलाई 2018 तक बालक वर्ग के लिए न्यूनतम 13 वर्ष अधिकतम 16 वर्ष, बालिका वर्ग में 13 से 17 वर्ष तथा बास्केटबाल के लिए बालक सीनियर वर्ग में 18 से 20 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। इसके अलावा खेल अकादमियों में बास्केटबाल बालक सीनियर वर्ग प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों को आयु सीमा उनके परिणाम के आधार पर 19 से 23 वर्ष रहेगी। साथ ही खिलाड़ी राजस्थान का मूल निवासी एवं बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पिछले तीन साल से लगातार पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला खेल अधिकारी उम्मेदसिंह यादव ने बताया कि चयन स्पर्धा में भाग लेने के लिए अच्छा अवसर है। खिलाड़ी अपना आवेदन पत्र खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ से किसी भी कार्य दिवस एवं समय पर प्राप्त कर निर्धारित तिथि तक जमा करवा सकते हैं।