- Hindi News
- National
- पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित एक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चल रहे हैं 7 केस
पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित एक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चल रहे हैं 7 केस
हनुमानगढ़| टाउन पुलिस ने समाजकंटकों खिलाफ अभियान चलाते हुए मंगलवार को अवैध पिस्तौल सहित एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस संबंध में आमर्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सीआई रामप्रताप बिश्नोई ने बताया कि एसपी के निर्देश पर थाना स्टाफ को गश्त प्रभावी कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया है। इसके तहत एएसआई करतारसिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल धर्मपालसिंह, भंवरलाल, सुरेश कुमार आदि ने मुखबिर की सूचना पर टिब्बी रोड पर गुरुसर फाटक के पास राजकुमार पुत्र बृजमोहन बावरी निवासी कोहला को रोककर तलाशी ली तो एक अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी संभवतया किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिल्हाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। सीआई ने बताया कि आरोपी राजकुमार के खिलाफ इससे पहले मारपीट, आमर्स एक्ट व हत्या प्रयास के सात केस दर्ज हैं।
इधर, पिस्तौल आरोपी के घर से बरामद
हनुमानगढ़| टाउन धानमंडी में विजय बिश्नोई की हत्या मामले में प्रयुक्त पिस्तौल पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के घर से बरामद किया है। पुलिस रिमांड अवधि में आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। सीआई रामप्रताप बिश्नोई ने बताया कि रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान दीपेंद्र उर्फ भीम पुत्र हनुमान सोनी निवासी वार्ड 31 प्रेमनगर टाउन की निशानदेही पर उसके घर से वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी शेरू खान पुत्र रघुवीर खान निवासी वार्ड 32 टाउन से भी पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार कर लिया कि विजय के कहने पर बलदेवसिंह ने दिपेंद्र सोनी और उसके दोस्तों को जेल के अंदर पीटा था। इसको लेकर भी चारों आरोपी विजय से रंजिश रखने लगे थे। वहीं गोलीकांड से पहले रहमत अली के साथ पांच हजार रुपए की लेनदेन को लेकर मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे मारने की योजना बनाई और बाइक पर सवार होकर आए। उस समय विजय बिश्नोई टाउन धानमंडी में ताश खेल रहा था। तभी उसे गोली मारकर फरार हो गए थे। पुलिस अब इस मामले में शेष आरोपियों बिट्टू उर्फ जसपालसिंह सिरकीबंद, रहमत अली, अरूण सोनी आदि की तलाश कर रही है।