जमीन पर काबिज होने के लिए फायरिंग, 4 घायल, 3 राउंडअप
सूरतगढ़/जैतसर| जैतसर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव 12 एनआरडी (बिशनपुरा) में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग में 4 लोग घायल हो गए। अस्पताल में भर्ती सभी घायल एक गुट के हैं। घायलों को ट्रोमासेंटर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों गुट सुबह 8 बजे तो दो बार आमने सामने हो गए। गांव बिशनपुरा में दो पक्षों में हुई फायरिंग की घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी रहने से मौके पर पुलिस तैनात रही। मामले को लेकर एक गुट ने दूसरे पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ नामजद हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष की आेर से केस दर्ज करवाने के प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने 3 लोगों को राउंड अप भी किया है। फायरिंग में कृष्णलाल (58) पुत्र रामलाल बिश्नोई, निहालचंद(50) पुत्र शिवराम बिश्नोई व देवीलाल बिश्नोई (50) पुत्र रामलाल निवासी डाबला व वेदप्रकाश (40) पुत्र ठाकरराम बिश्नोई निवासी मालसर छर्रे लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोपहर बाद दूसरे पक्ष के खरलिया (पीलीबंगा) निवासी निर्मल सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, गुरविंद्र सिंह पुत्र सुखदेव सिंह व हरप्रीत सिंह पुत्र जगसीर सिंह निवासी गांव भैनीफता तहसील तपा जिला बरनाला(पंजाब) को राउंडअप कर लिया।
कुलजीत सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी 12 एनआरडी ने 2014 में 14 बीघा भूमि का बेचान इकरारनामे से निर्मल सिंह पुत्र सुखदेव सिंह जटसिख निवासी खरलिया को किया था। मार्च 2017 में कुलजीत सिंह ने उसी 14 बीघा भूमि की रजिस्ट्री गांव डाबला निवासी सुदर्शन पुत्र कृष्णलाल बिश्नोई को 9 बीघा व दलीप पुत्र रामलाल बिश्नोई को 5 बीघा भूमि का बेचान कर दिया। कुलजीत द्वारा दो जगह बेची गई जमीन पर काश्त को लेकर दोनों पक्षों में मार्च 2017 से विवाद चल रहा था। कुलजीत भी दोनों पक्षों पर पूरे पैसे न देने का आरोप लगाते हुए फसल की बिजाई करता रहा। कुलजीत द्वारा फसल कटाई के बाद दोनों पक्ष जमीन में हल जोतने की बात को लेकर कई बार आमने सामने हुए। मंगलवार सुबह दोनों पक्ष जमीन में जुताई को लेकर खेत में पहुंचे। दोनों पक्ष जमीन जोतने पर आमद हो गए। इसी बात को लेकर दोनों गुटों में विवाद बढ़ गया। एक पक्ष ने फायर कर दिया। एक बार मामला शांत भी हो गया, लेकिन दोबारा 8 बजे दोनों पक्ष दोबारा खेत में पहुंच गए। बात फायरिंग तक पहुंच गई।
पांच घंटे में दो बार तनाव, बंदूक और लाठियों से लैस होकर किया हमला
पुलिस को मंगलवार सुबह 5 बजे के करीब सूचना मिली थी कि गांव 12 एनआरडी के निकट ढाणी में दो गुटों में जमीनी विवाद को लेकर तनाव बना हुआ है। फायरिंग में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। सूचना पर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग में डाबला निवासी देवीलाल(50) पुत्र रामलाल बिश्नोई के सीने में छर्रे लगने से घायल हो गया। जिसे ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद सुबह 8 बजे के करीब दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने हो गए। फायरिंग के मामले में डाबला निवासी दलीप बिश्नोई में 11 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। दलीप ने लिखित रिपोर्ट में बताया कि आरोपी कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरविंद्र सिंह, सुक्खा सिंह, छिंदा सिंह, श्रवण मेघवाल, बलजीत सिंह, कपिल, गुरमीत सिंह, भूकर सिंह ने मंगलवार को सुबह साढ़े 4 बजे व 8 बजे बंदूक व लाठियों से लैस होकर कातिलाना हमला किया और फायर किए। हमले में चार लोग घायल हो गए।
2 लोगों ने खरीदी जमीन अब जुताई और काश्त को लेकर रंजिश