कोर्ट में बयान देकर लौट रहे युवक से मारपीट, 5 पर केस
हनुमानगढ़| जंक्शन में कोर्ट में बयान देकर लौट रहे एक युवक से उसके रिश्तेदारों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी मामा व मौसा सहित पांच जनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उग्रसेन पुत्र ओमप्रकाश निवासी 18 एसटीपी थाना सादुलशहर ने पुलिस को पर्चा बयान दिया कि उसका अपने मामा व मौसा के साथ पिछले पांच साल से जमीनी विवाद चल रहा है। इसको लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन है। इसके तहत वह मंगलवार को कोर्ट में बयान देकर वापिस जा रहा था कि शिव मंदिर सिनेमा के पास कार पर सवार होकर आए मामा गोविंद, मौसा हेतराम नैण व तीन अन्यों ने रास्ता रोककर लाठियों व ईंटों से प्रहार कर घायल कर दिया।