नप ने नहीं ली प्याऊ की सुध गर्मी में राहगीर हो रहे परेशान
हनुमानगढ़| जंक्शन में भगतसिंह चौक पर स्थित प्याऊ की गर्मी शुरू होने के बाद भी नगरपरिषद ने सुध नहीं ली है। हालत यह है कि प्याऊ में लगा वाटर कूलर बंद पड़ा है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। हैरानी की बात है कि बंद पड़ी प्याऊ में आसपास थड़ी लगाने वाले लोग सामान रख रहे हैं। इससे लगता है कि परिषद इसे शुरू ही नहीं करना चाहती है। आसपास के दुकानदारों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग इस प्याऊ को शुरू करने की मांग कर चुके हैं। इसके बाद भी इसको शुरू नहीं कराया जा रहा है। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष व पार्षद गणेशराज बंसल का कहना है कि संस्था ने इस प्याऊ को गोद लेने के लिए नगरपरिषद आयुक्त से मांग की है। अगर परिषद इस प्याऊ को नहीं चलाएगी तो संस्था इसका संचालन करने को तैयार है। वहीं परिषद आयुक्त का कहना है कि प्याऊ का संचालन परिषद खुद ही करेगी। जल्द ही प्याऊ को शुरू कराया जाएगा।