- Hindi News
- National
- न्याय आपके द्वार शिविरों के कारण अधिकािरयों के साथ साथ जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति कम रही
न्याय आपके द्वार शिविरों के कारण अधिकािरयों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति कम रही
हनुमानगढ़| पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को प्रधान जयदेव भिडासरा की अध्यक्षता में हुई। खास बात रही कि इस बार भी दीनदयाल योजना के तहत बिजली कनेक्शन नहीं होने का मुद्दा छाया रहा। जनप्रतिनिधियों ने नहरों में गंदा पानी आने की समस्या भी रखी। न्याय आपके द्वार शिविर के कारण बैठक में अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी कम रही। 33 सरपंचों में से 15 और 23 डायरेक्टरों में से महज 13 डायरेक्टर ही बैठक में शामिल हुए। सुबह साढ़े 11 बजे शुरू हुई बैठक में रणजीतपुरा सरपंच इंद्रजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि दीनदयाल योजना के तहत ढाणियों में कनेक्शन के लिए ग्रुप बनाए गए लेकिन कनेक्शन नहीं किए गए। ऐसे में अब नई योजनाओं के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। वहीं मोहनमगरिया में मंत्री ने जनसुनवाई के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा किया था लेकिन डिस्कॉम अधिकारियों ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। डिस्कॉम एक्सईएन आरके गर्ग ने कहा कि वंचित ढाणियों में जल्द कनेक्शन दिए जाएंगे। डायरेक्टर जगदीश चंद्र ने पशुपालन विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष में वंचित गोशालाओं को अनुदान देने का सुझाव दिया। डॉ. राजेंद्र मुखानी ने योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में शफी मोहम्मद, मंगलसिंह, डायरेक्टर जगदीश चंद्र, नीलम मायल ने भी पानी, बिजली, सिंचाई से संबंधित समस्याएं रखीं। जयदेव भिडासरा एवं अमरसिंह सियाग ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की ओर से बैठक में रखी जानी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने को कहा। बैठक का संचालन बीडीओ गोपीराम भांभू ने किया। इस मौके पर बीईईओ पन्नालाल कड़ेला, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. ज्योति धींगड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधि बोले...किसी पंचायत में 10 तो किसी में 1 भी मंजूर नहीं
सरपंच इंद्रजीत ने कहा कि मंडी समिति की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया निर्माण की योजना में राजनीति हो रही है। योजना के तहत दो सौ पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत हुए लेकिन किसी ग्राम पंचायत में दस पुलिया निर्माण की स्वीकृति दे दी गई तो किसी में एक भी मंजूर नहीं की गई। उन्होंने सुझाव दिया कि पुलिया निर्माण में वरीयता निर्धारण किया जाए ताकि सभी ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को इसका फायदा मिल सके। मंडी समिति सचिव लाजपतराय खुराना ने कहा कि समिति की ओर से पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है। अगर फिर भी किसी की शिकायत है तो उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने वंचित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव भिजवाने का आश्वासन दिया। वहीं किसान और मजदूरों के लिए मंडी समिति की ओर से विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।