- Hindi News
- National
- रोडवेज बस में टकरा चौक पर चढ़ा ट्रोला, बस सवार दस यात्री हुए घायल, चालक व खलासी ट्रोला छोड़कर फरार
रोडवेज बस में टकरा चौक पर चढ़ा ट्रोला, बस सवार दस यात्री हुए घायल, चालक व खलासी ट्रोला छोड़कर फरार
हनुमानगढ़| जंक्शन में श्रीगंगानगर रोड स्थित अग्रसेन चौक पर मंगलवार को ट्रोला-रोडवेज बस की भिड़ंत में दस यात्री चोटिल हो गए। इसमें चार यात्रियों को अधिक चोटें आने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद ट्रोला चालक व खलासी दुर्घटनाकारित वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। हादसे के बाद ट्रोला का फ्यूल टैंक चौक से टकराने के बाद टूट गया जिससे डीजल सड़क पर बिखर गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस के स्टार्ट होने एवं सड़क पर ऑयल बिखरे होने के कारण बड़े हादसे से बचाव के लिए सड़क पर बिखरे ऑयल पर मिट्टी डलवाई। वहीं दमकल गाड़ी को मौके पर बुलाकर पानी का छिड़काव कराया। इससे पहले घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाकारित ट्रोले को क्रेन की मदद से मौके से हटाकर पुलिस थाना ले जाया गया। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ से श्रीकरणपुर के बीच चलने वाली रोडवेज बस दोपहर 12 बजे अग्रसेन चौक पहुंची तो अबोहर बाइपास की तरफ से आ रहे ट्रोले का चालक संतुलन खो बैठा। बस को बचाने के लिए कट मारा तो ट्रोला बस के पिछली साइड से टकराते हुए चौक में जा टकराया। हादसे की सूचना पाकर जंक्शन थाना से एएसआई रामेश्वरलाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के मौके पर लोग इकट्ठे हो गए और एंबुलेंस 108से बस सवार चोटिल हुए दस यात्रियों को जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रोमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद छह जनों को मामूली चोटें होने पर छुट्टी दे दी गई। वहीं तेजराम (70) पुत्र श्रवणराम निवासी मलकोका, ओमप्रकाश(56) पुत्र रामस्वरूप, सुलतान राम(55) पुत्र कृष्णराम निवासी वार्ड दो पक्कासारणा एवं सीमा (18) पुत्री करनैलसिंह रायसिख निवासी पन्नीवाली को भर्ती किया गया है। देर शाम समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस थाना में केस दर्ज नहीं हुआ था।